देहरादून। उत्तराखंड में फर्जी प्रमाण-पत्रों के सहारे MBBS की सीटें हथियाने वाले अभ्यर्थियों पर गाज गिरी है। एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने सोमवार को पहले और दूसरे चरण की काउंसिलिंग से आवंटित 12 और एमबीबीएस सीटों का आवंटन रद्द कर दिया है। पुलिस जांच रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा नियंत्रक प्रो. विजय जुयाल की सिफारिश के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है।
इससे पहले स्वतंत्रता सेनानी कोटे से फर्जी तरीके से ली गई 3 सीटें रद्द की जा चुकी हैं, जिससे प्रदेश में अब तक निरस्त हुई सीटों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। नई रद्द की गई सभी 12 सीटों के अभ्यर्थी उधमसिंह नगर जिले के रहने वाले हैं। विश्वविद्यालय ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर निरस्त सीटों और संबंधित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है।
SIT की जांच में खुलासा हुआ है कि अभ्यर्थियों ने फर्जी OBC, EWS, SC और अनाथ श्रेणी के प्रमाण-पत्रों के जरिए 05 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में दाखिला लिया था। ये दाखिले दून, हल्द्वानी, श्रीनगर, हरिद्वार और अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में हुए थे। निरस्त की गई इन सभी 12 सीटों को अब आगामी काउंसिलिंग चरण के लिए रिक्त घोषित कर दिया गया है।
मामले में कार्रवाई करते हुए एसआईटी ने देहरादून तहसील परिसर से दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया एक आरोपी तहसील परिसर स्थित सुलभ शौचालय का कर्मचारी संजय कुमार है। इस फर्जीवाड़े में शामिल तहसील के अधिकारियों, कर्मचारियों और जिम्मेदार पटवारियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि आरोपी संजय कुमार और उसके साथी गिरीश के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद यह गिरफ्तारी हुई है। आरोपी गिरीश दून में सिम बेचने की दुकान चलाता है और सीएससी सेंटरों से जुड़ा हुआ है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
विश्वविद्यालय और प्रशासन ने दाखिलों के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया और तेज कर दी है। प्रो. विजय जुयाल के मुताबिक पहले और दूसरे चरण में हुए कुल 778 दाखिलों के स्थायी निवास, जाति, ईडब्ल्यूएस और अनाथ कोटे से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच चल रही है। जिला प्रशासन और मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य संयुक्त रूप से दस्तावेजों का सत्यापन कर रहे हैं।
निरस्त की गई सीटों में हल्द्वानी कॉलेज से फ्रीडम फाइटर कोटे की परी और अनुराग भोजवाल, श्रीनगर से खुशी, दीक्षा कुमारी, वैष्णवी सिंह व अवंतिका, हरिद्वार से तृप्ति, चित्रा व दक्ष चतुर्वेदी, अल्मोड़ा से प्रियांशु गुप्ता तथा दून मेडिकल कॉलेज से काजल भारद्वाज व दीपांशु की सीटें शामिल हैं। इसके अलावा अलसामी फाजिल, वैनवी कुमार और प्रभात चौधरी का आवंटन भी निरस्त किया गया है।

