देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत शहरों के सुनियोजित विकास और सौंदर्यीकरण की कवायद को तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर पहुंचकर विभिन्न प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे करने के सख्त निर्देश दिए हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
हल्द्वानी क्षेत्र में विकास और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं तैयार की गई हैं। इसके तहत हैराखान चौराहे पर मानसखंड थीम आधारित रोटरी और कुसुमखेड़ा चौराहे पर नारी शक्ति थीम आधारित रोटरी विकसित की जाएगी। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर के प्रमुख चौराहों को एक नया और आकर्षक स्वरूप देना तथा उत्तराखंड की संस्कृति को प्रदर्शित करना है।

रामलीला ग्राउंड के समीप स्थित डी.के. पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य भी प्रस्तावित किया गया है, जहां आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम उपकरण लगाए जाएंगे। इसके साथ ही नरीमन क्षेत्र से करीब 200 मीटर मार्ग के रोड मीडियन में वृक्षारोपण और हरितीकरण का कार्य भी किया जाएगा। इन सभी प्रस्तावित कार्यों के अनुमान तैयार किए जा चुके हैं और इसी माह टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि का भी जायजा लिया गया और अधिकारियों ने सचिव को इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद सचिव ने ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज क्षेत्रों का भी दौरा किया। रुद्रपुर में मोदी मैदान के पास प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम की कार्ययोजना का निरीक्षण कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम खुर्पिया फार्म, किच्छा में 3.50 एकड़ भूमि पर 12.48 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक बस अड्डे का भी निरीक्षण किया गया। यह बस अड्डा पहले ही उत्तराखंड परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है। सचिव ने इसकी गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के करीब होने के कारण यह क्षेत्रीय आवागमन में बेहद अहम साबित होगा।
सितारगंज के मुख्य बाजार में 3.51 एकड़ भूमि पर 9.75 करोड़ रुपये की लागत से पार्क और पार्किंग कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना में 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, प्रसाधन सुविधाएं, ओपन जिम और किड्स प्ले एरिया जैसी सुविधाएं शामिल हैं। सचिव ने अवशेष फिनिशिंग कार्यों को तय मानकों के अनुसार समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

आवास एवं राज्य सम्पत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा है कि विकास योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुँचे। इसी उद्देश्य के साथ शहरों में पार्क, रोटरी, पार्किंग और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। इस दौरान उनके साथ जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण और विभिन्न विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी व अभियंता मौजूद रहे।

