Uttarakhand: जनता की राय से बनेगा कांग्रेस का घोषणा पत्र, भुवन कापड़ी की अगुवाई में सर्वे शुरू

ख़बर शेयर करें

देहरादून। कांग्रेस पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए आम जनता की राय से अपना चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने का फैसला किया है। पार्टी हाईकमान के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस घोषणा पत्र समिति जल्द ही राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों और जिलों में व्यापक सर्वे अभियान चलाकर सीधे लोगों से सुझाव लेगी।

पार्टी हाईकमान ने घोषणा पत्र का खाका तैयार करने की जिम्मेदारी विधायक भुवन कापड़ी की अध्यक्षता वाली समिति को सौंपी है। मंगलवार को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस भवन में घोषणा पत्र समिति की पहली आधिकारिक बैठक बुलाई गई है, जिसमें इस राज्यव्यापी सर्वे अभियान की अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी।

यह भी पढ़ें -  हल्द्वानी 'शुद्धिकरण' विवाद पर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, CM आवास घेराव पर भाजपा का पलटवार

सर्वे अभियान के तहत समिति राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जाकर स्थानीय ज्वलंत मुद्दों पर जनसंवाद करेगी। इसके बाद जिला स्तर पर भी आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय प्रतिनिधियों से सुझाव जुटाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: 'शुद्धिकरण' मामले के विरोध में आज सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, CM आवास का करेगी घेराव

घोषणा पत्र को सर्वसमावेशी बनाने के लिए महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, अल्पसंख्यक समुदाय, ट्रेड यूनियनों और बेरोजगार संगठनों के साथ विशेष बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन सभी वर्गों की प्रमुख मांगों और समस्याओं को संकलित कर घोषणा पत्र का हिस्सा बनाया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  CM धामी ने किया 'मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना' का शुभारंभ, 11 हजार छात्रों को फ्री कोचिंग

समिति के अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने स्पष्ट किया कि घोषणा पत्र में राष्ट्रीय मुद्दों के साथ-साथ हर क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी। समिति सभी वर्गों से प्राप्त सुझावों के आधार पर प्रस्ताव तैयार कर अंतिम स्वीकृति के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।