देहरादून। हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान के कथित शुद्धिःकरण विवाद ने तूल पकड़ लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ऐलान किया है कि पार्टी आगामी 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास का जोरदार घेराव करने जा रही है। कांग्रेस ने राज्य सरकार के सामने तीन बड़ी मांगें रखकर सियासी पारा चढ़ा दिया है।
कांग्रेस की पहली और मुख्य मांग यह है कि एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद रामलीला मैदान में कथित शुद्धिःकरण करने वाले दोषियों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए। पार्टी ने इसे सामाजिक सद्भाव और दलित नेतृत्व का अपमान करार दिया है।
दूसरी प्रमुख मांग में कांग्रेस ने इस घटना का बचाव और समर्थन करने वाले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी है। गणेश गोदियाल का कहना है कि छुआछूत और भेदभाव को बढ़ावा देने वाले बयानों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
पार्टी की तीसरी शर्त यह है कि इस विवाद के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर को सरकार तुरंत वापस ले। कांग्रेस का आरोप है कि राजनीतिक प्रतिशोध के तहत पार्टी नेतृत्व को निशाना बनाया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने साफ किया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर वैचारिक लड़ाई के साथ-साथ सड़क से लेकर अदालत तक कानूनी जंग लड़ेगी। उन्होंने कहा कि सरकार के दबाव में जनहित और संवैधानिक अधिकारों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। 7 सितंबर को होने वाले इस विशाल घेराव कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत राज्यभर से हजारों की संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता देहरादून में जुटेंगे।

