देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 26 सितंबर को पंजाब के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री राज्य के होशियारपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में तीन बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सीएम धामी का यह दौरा मुख्य रूप से होशियारपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में केंद्रित रहेगा, जहां वे अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर जनसंपर्क करेंगे और जनसभाओं के जरिए समर्थकों व जनता को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार, वे पंजाब के होशियारपुर जिले में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे; जिनकी शुरुआत सुबह 11:30 बजे गढ़दिवाला में पहली जनसभा से होगी, इसके बाद दोपहर 01:00 बजे दसूहा में दूसरी जनसभा आयोजित की जाएगी और फिर दोपहर 03:10 बजे नंगल बिहाल में वे तीसरी जनसभा को संबोधित करेंगे।
होशियारपुर जिले के इन तीनों ग्रामीण अंचलों में आयोजित होने वाली रैलियों को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर कड़े इंतजाम किए गए हैं। नंगल बिहाल में अंतिम जनसभा को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री का यह एक दिवसीय पंजाब दौरा संपन्न होगा।

