उत्तरकाशी दौरे पर मुख्य सचिव: चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का लिया जायजा, सुविधाओं को परख दिए सख्त निर्देश

ख़बर शेयर करें

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने तीन दिवसीय उत्तरकाशी भ्रमण के पहले दिन सामरिक और नागरिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एप्रन, रनवे और टर्मिनल भवन की वर्तमान व्यवस्थाओं को देखा और अधिकारियों को बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने के सख्त निर्देश दिए।

चीन सीमा से निकटता के कारण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी भारतीय वायु सेना के सामरिक संचालन के लिए बेहद अहम मानी जाती है। इसके अलावा आपदा प्रबंधन, आपातकालीन रेस्क्यू और वीवीआईपी आवाजाही के लिए भी इसका विस्तार काफी मायने रखता है। मुख्य सचिव ने इस हवाई पट्टी के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड की EV की रफ्तार हुई धीमी, ई-चार्जिंग की किल्लत ने 29वें पायदान पर धकेला

हवाई पट्टी का जायजा लेने के बाद मुख्य सचिव चिन्यालीसौड़ के ग्राम मल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने ‘सर्व शक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन’ तुल्याडा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और लखपति दीदियों से सीधे बातचीत कर उनके उत्पादों और आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली।

महिला उद्यमियों के उत्पादों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता से ही राज्य का वास्तविक विकास संभव है। क्लस्टर की महिलाओं ने बताया कि यूजीवीएस-रीप और आजीविका परियोजना के सहयोग से वे बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई, ब्यूटी पार्लर, डेयरी, मुर्गी पालन और अचार निर्माण जैसे कार्यों से आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख रणदेव सिंह महंत भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड बनी फिल्म मेकर्स की पहली पसंद, 5 साल में हुआ ₹1,759 करोड़ का कारोबार

भ्रमण के अगले चरण में मुख्य सचिव ने डुंडा स्थित ‘पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली’ का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने और अनुशासित रहकर सफलता पाने का मंत्र दिया। मुख्य सचिव ने स्कूल की प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर रूम और पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में महिला समेत 2 स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 6.5 लाख की स्मैक व बलेनो कार सीज

इस दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर में पौधारोपण किया और राज्य स्तर पर खेलकूद व शिक्षा में नाम रोशन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में लंबी कूद के राष्ट्रीय खिलाड़ी राजीव, कबड्डी खिलाड़ी शुभम, गृह परीक्षा के मेधावी छात्र लविश व अस्मित और हाईस्कूल की टॉपर निधि भट्ट व अनुष्का शामिल रहीं।

इस पूरे दौरे के दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जय भारत सिंह, एसडीएम देवानंद शर्मा, सीओ चंचल शर्मा और मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल समेत जिला प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।