खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उधम सिंह नगर जिले के खटीमा में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए 15 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन आधुनिक वाहनों के संचालन से खटीमा और आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में कचरा संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्था पहले से अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को सीधा बढ़ावा मिलेगा।
रवाना किए गए वाहनों में नेस्ले इंडिया द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत उपलब्ध कराए गए सात अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन भी शामिल हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में स्वास्थ्य और पोषण के स्तर को सुधारने के उद्देश्य से ब्रिटानिया उद्योग समूह की ओर से स्वास्थ्य एवं पोषण सामग्री भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपशिष्ट प्रबंधन को धरातल पर सफल बनाने के लिए आधुनिक संसाधनों, जनभागीदारी और कॉर्पोरेट सेक्टर का सहयोग बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकसित किया जा रहा ‘सेल्फ-सस्टेनिंग मॉडल’ प्रदेश की स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी और आत्मनिर्भर बनाएगा। सरकार का प्रयास है कि पूरे उत्तराखंड में कचरा एकत्रीकरण और उसके वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी, सुव्यवस्थित और टिकाऊ बनाया जा सके।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी ने जिले में संचालित कचरा प्रबंधन और स्वच्छता अभियानों का विस्तृत ब्यौरा रखा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन आधुनिक संसाधनों और तकनीक की मदद से स्वच्छता मॉडल को गांव-गांव तक पहुंचाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और एसएसपी अजय गणपति उपस्थित रहे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के अपर सचिव एवं सदस्य सचिव सीएसआर मनमोहन मैनाली तथा नेस्ले इंडिया के कॉरपोरेट अफेयर्स व सस्टेनेबिलिटी डायरेक्टर कुंवर हिम्मत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

