देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत देहरादून की रायपुर विधानसभा क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। सारथी विहार स्थित पोलिंग बूथों पर पहुंचे मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ‘सुपर चेकिंग’ चलाकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रियाओं का मौके पर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ और ईआरओ स्तर के रजिस्टरों की जांच की। साथ ही मौके पर मौजूद आम नागरिकों और मतदाताओं से बातचीत कर आवेदनों के निस्तारण का फीडबैक लिया। जांच में पाया गया कि फॉर्म-7 समेत अन्य आवेदनों का निस्तारण नियमों के तहत सही तरीके से किया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जमीनी स्तर पर काम कर रहे फील्ड स्टाफ और बीएलओ की तारीफ करते हुए कहा कि राज्यभर के बूथों पर निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के लिए पूरी पारदर्शिता से काम हो रहा है।
डॉ. पुरुषोत्तम ने राज्य के मतदाताओं के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि आगामी 3 अक्टूबर को प्रदेश में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि 3 अक्टूबर के बाद सभी नागरिक वोटर लिस्ट में अपना नाम अनिवार्य रूप से चेक कर लें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम न छूटे और अयोग्य नाम सूची में न रहे, इसके लिए चुनाव आयोग पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है। स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह और रायपुर ईआरओ डॉ. अपूर्वा सिंह सहित चुनाव विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

