उत्तराखंड: 2027 के लिए भाजपा की ‘मिशन 3.0’ व्यूहरचना, हरिद्वार में 21-22 नवंबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी व्यूहरचना तेज कर दी है। चुनावी रणनीति को धार देने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए भाजपा 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक करने जा रही है। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने इस महत्वपूर्ण बैठक का औपचारिक ऐलान किया है।

इस हाई-प्रोफाइल बैठक में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश प्रभारी राम माधव विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। केंद्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में आयोजित हो रही इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव का खाका तैयार किया जाएगा। साथ ही, कमजोर प्रदर्शन वाली सीटों और बूथ प्रबंधन पर शीर्ष नेताओं का विशेष फोकस रहेगा।

यह भी पढ़ें -  ऋषिकेश: सीएम धामी ने 9 नगर निकायों को दी 'देवभूमि रजत जयंती पार्क' की सौगात, ₹36 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण

बैठक में पार्टी के सभी प्रमुख जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की मौजूदगी रहेगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि कार्यसमिति में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों के साथ ही सभी मोर्चों के अध्यक्ष और महामंत्रियों को आमंत्रित किया गया है।

यह भी पढ़ें -  ऋषिकेश: भीड़ के बीच महिला की पुकार सुन रुके CM धामी के कदम, राशन कार्ड और मुफ़्त इलाज की करी फरियाद

संगठनात्मक रूप से इस बैठक को व्यापक बनाते हुए राज्य के सभी सांसदों, विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों और नगर निकायों के अध्यक्षों को भी बुलाया गया है। इसके अलावा, विधानसभा प्रभारियों, विस्तारकों और विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजकों को भी आगामी चुनाव के लिए सीधी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

भाजपा का दावा है कि हरिद्वार में आयोजित इस मंथन के जरिए प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने का संकल्प लिया जाएगा। पार्टी इस बैठक से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरकर पूरे प्रदेश में चुनावी अभियान की गति तेज करने की योजना पर काम कर रही है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड ट्रेड महोत्सव की अवधि 15 नवंबर तक बढ़ी, क्लेमेंटटाउन में सजेगा 24वां गढ़ कौथिग

कुंदन परिहार के अनुसार, बैठक में राष्ट्रीय और प्रांतीय नेतृत्व का सीधा मार्गदर्शन मिलेगा। केंद्रीय नेताओं द्वारा मिलने वाले दिशा-निर्देशों के आधार पर ही आने वाले महीनों में पार्टी कार्यकर्ता धरातल पर अभियान चलाएंगे। कार्यसमिति के तुरंत बाद राज्यभर में बूथ स्तरीय सम्मेलनों का दौर शुरू होगा।