देहरादून: भाईदूज-छठ पर राप्ती गंगा फुल, खिड़की के सहारे कोच में घुसे यात्री; बसें भी हाउसफुल

ख़बर शेयर करें

देहरादून: भाईदूज और छठ पूजा के महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ के चलते मंगलवार को देहरादून रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर त्राहि-त्राहि मच गई। पूर्वांचल और यूपी जाने वाले यात्रियों की अप्रत्याशित भीड़ के कारण नियमित राप्ती गंगा एक्सप्रेस और स्पेशल ट्रेन पूरी तरह पैक होकर रवाना हुईं। आलम यह रहा कि सीट हथियाने के लिए यात्रियों को ट्रेन की खिड़कियों से भीतर घुसना पड़ा।

त्योहारों के रश को देखते हुए दून स्टेशन से गोरखपुर के लिए दो ट्रेनें चलाई गईं। इसमें छठ स्पेशल ट्रेन को दोपहर करीब 1:15 बजे और राप्ती गंगा एक्सप्रेस को अपने निर्धारित समय दोपहर 3:15 बजे रवाना किया गया। दोनों ही ट्रेनों के जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिससे स्टेशन परिसर में पूरे दिन अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर सीएम धामी ने विकास पुस्तिका का किया विमोचन, बोले-'हर नागरिक के जीवन में दिखना चाहिए असर'

जैसे ही राप्ती गंगा एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर आकर लगी, ट्रेन में सवार होने के लिए यात्रियों का हुजूम टूट पड़ा। इसके चलते ट्रेन से उतर रहे यात्रियों को बाहर निकलने में पसीने छूट गए। बोगियों में जगह न मिलने पर कई यात्री खिड़की के रास्ते सीट पर कब्जा जमाते दिखे। स्थिति बिगड़ते देख जीआरपी और आरपीएफ जवानों को कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित कर यात्रियों को सुरक्षित कोच में दाखिला दिलाना पड़ा।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: साइबर कोषागार का विशेष अभियान, 30 नवंबर तक ऐसे सुलझाएं DLC की समस्या

जीआरपी थाना प्रभारी सतीश घिल्डियाल ने बताया कि आम दिनों की तुलना में स्टेशन पर यात्रियों का दबाव काफी अधिक था। इसके बावजूद पुलिस और आरपीएफ की मुस्तैदी से दोनों ट्रेनों को प्लेटफॉर्म से पूरी सुरक्षा के साथ गंतव्य के लिए रवाना कराया गया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड का विकास पथ: 26 साल बेमिसाल, अधूरे अब भी कुछ सवाल

ट्रेनों में जगह न मिलने से निराश यात्रियों को सड़क परिवहन से भी कोई राहत नहीं मिली। पूर्वांचल की ओर जाने वाली निजी लग्जरी बसों की ऑनलाइन साइट्स पिछले एक हफ्ते से पूरी तरह फुल चल रही हैं। वहीं मंगलवार को कानपुर जाने वाली उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) की साधारण बसों में भी यात्रियों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिल सकी।