देहरादून। देहरादून के साइबर कोषागार द्वारा पेंशनभोगियों के लिए राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र अभियान-5 के तहत विशेष शिविर का संचालन किया जा रहा है। डालनवाला स्थित साइबर कोषागार (23 लक्ष्मी रोड) में 30 नवंबर, 2026 तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में आ रही तकनीकी दिक्कतों और पेंशन से जुड़ी समस्याओं का तुरंत निस्तारण करना है।
मुख्य कोषाधिकारी बी.एन. पाण्डेय ने साइबर कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पेंशनधारकों को इस संबंध में सूचित किया है। उन्होंने बताया कि जिन्हें डीएलसी फॉर्म ऑनलाइन जमा करने में बायोमेट्रिक या अन्य तकनीकी बाधाएं आ रही हैं, वे किसी भी कार्यदिवस में सीधे कार्यालय आकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।
शिविर का लाभ उठाने के लिए पेंशनरों को अपने साथ जीआरडी नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और एक चालू स्मार्टफोन लाना अनिवार्य होगा। इन दस्तावेजों की मदद से मौके पर ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।
पेंशनभोगियों की सुविधा और त्वरित शिकायत निवारण के लिए उपकोषाधिकारी श्री परमीत सिंह को शिकायत निवारण अधिकारी नामित किया गया है। पेंशनर किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7500370037 और 7590900090 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।
मुख्य कोषाधिकारी ने सभी पेंशनभोगियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 30 नवंबर से पहले इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं, ताकि उनकी पेंशन निर्बाध रूप से जारी रह सके।

