चारधाम यात्रा के बाद विंटर टूरिज्म पर फोकस: उत्तराखंड में सालभर गुलजार रहेगा पर्यटन, औली में होंगे विंटर गेम्स

ख़बर शेयर करें

देहरादून। चारधाम यात्रा के संपन्न होने के बाद अब उत्तराखंड में पर्यटन का नया सीजन शीतकाल में तेजी से रफ्तार पकड़ने जा रहा है। प्रदेश सरकार ने राज्य में साल के बारह महीने पर्यटन गतिविधियों को चालू रखने के लिए शीतकालीन यात्रा, एडवेंचर और वेलनेस टूरिज्म का खास खाका तैयार किया है।

बर्फ से लकदक पहाड़ों पर रोमांचक गतिविधियों और आध्यात्मिक स्थलों की यह यात्रा देश-दुनिया के पर्यटकों को पूरे साल देवभूमि की ओर आकर्षित करेगी। पर्यटन विभाग के मुताबिक, प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मुख्य रीढ़ पर्यटन है, और चारधाम यात्रा के कपाट बंद होने के बाद अब सरकार का पूरा फोकस विंटर टूरिज्म पर है।

यह भी पढ़ें -  जेनी प्रकरण में नया मोड़: जेनी का बेटा पहुंचा देहरादून, हरक सिंह रावत से की मुलाकात, कहा- जल्द करूंगा मां से जुड़े बड़े खुलासे

इसी रणनीति के तहत चमोली जिले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल औली में कृत्रिम बर्फ जमाकर विंटर गेम्स कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। वर्ष 2018 के लंबे इंतजार के बाद अब औली की ढलानों पर एक बार फिर शीतकालीन खेलों के आयोजन की उम्मीदें तेजी से आकार ले रही हैं।

इस महत्वाकांक्षी योजना को जमीन पर उतारने के लिए उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन के सहयोग से काम हो रहा है। कृत्रिम बर्फ जमाने वाले आर्टिफिशियल स्नोमेकिंग सिस्टम के पहले चरण का मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है। इससे पहाड़ों पर तापमान और नमी की नियमित निगरानी शुरू हो चुकी है, और बाकी बचा काम दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  2027 में कांग्रेस की सरकार बनी तो मुख्यमंत्री की रेस में नहीं होंगे हरीश रावत! खुद किया बड़ा ऐलान, सियासत में हलचल….

साहसिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए आगामी 20 नवंबर से ‘अल्टीमेट उत्तराखंड साइकिल एमटीबी चैलेंज’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पर्यटन सचिव धीरज गर्ब्याल ने बताया कि यह चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता पर्वतीय क्षेत्रों के दुर्गम मार्गों से गुजरते हुए करीब 700 किलोमीटर की होगी।

इस रोमांचक और बड़ी प्रतियोगिता में 60 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एलीट और लाइसेंसधारी पेशेवर साइकिलिस्ट हिस्सा लेने पहुंचेंगे। यह सफर नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से शुरू होकर बागेश्वर, कर्णप्रयाग, गुप्तकाशी, टिहरी और उत्तरकाशी से होते हुए 26 नवंबर को देहरादून में समाप्त होगा।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में दिवाली की रात खूनी संघर्ष: सड़क विवाद के दौरान कार की चपेट में आने से युवक की मौत,मुकदमा दर्ज

सरकार की इस व्यापक योजना के तहत शीतकालीन यात्रा के साथ साहसिक और वेलनेस टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत बाबा केदार, बदरी विशाल, मां गंगोत्री और यमुनोत्री के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का इंतजाम होगा।

इन तमाम प्रयासों का मुख्य उद्देश्य साहसिक गतिविधियों के जरिए देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करना है। इन आयोजनों के माध्यम से अब उत्तराखंड का पर्यटन सीजन सिर्फ कुछ महीनों तक सीमित न रहकर पूरे बारह महीने गुलजार रहेगा।