देहरादून। देहरादून के थाना डालनवाला क्षेत्र में दिवाली की रात कार और स्कूटी सवार युवकों के बीच हुए विवाद के दौरान कार की चपेट में आने से केवल विहार निवासी अर्श अंसारी (20-22) की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक के पिता नदीम अंसारी की तहरीर पर पुलिस ने डालनवाला थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सहस्त्रधारा रोड स्थित केवल विहार निवासी नदीम अंसारी ने 9 नवंबर 2026 को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 नवंबर की रात अर्श को उसके दोस्त श्रेयस ममगाईं ने दिवाली मनाने नेहरू कॉलोनी स्थित अपने घर बुलाया था। रात में अर्श के सुबह लौटने की बात कही गई, लेकिन सुबह श्रेयस की मां ने फोन कर अर्श का शव मोर्चरी में पड़े होने की सूचना दी।
पुलिस विवेचना में सामने आया है कि दीपावली की देर रात अर्श अपने साथियों के साथ बाहर था। इसी दौरान रेसकोर्स स्थित सूरी चौक पर उनका स्कूटी सवार युवकों से विवाद हो गया। यह झगड़ा शांत नहीं हुआ और कुछ ही देर बाद दोनों पक्ष धर्मपुर चौक के पास स्थित अग्रवाल बेकरी के निकट फिर आपस में भिड़ गए।
धर्मपुर चौक पर विवाद बढ़ने के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी भगदड़ के बीच कार चालक ने तेजी और लापरवाही से कार को रिवर्स मोड़ा। कार से उतरकर खड़े अर्श अंसारी अचानक पीछे आई कार के पिछले टायर की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के समय का एक वीडियो फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अर्श अंसारी अपने साथियों के साथ कार से नीचे उतरता दिख रहा है। इसी दौरान मची भगदड़ के बीच अचानक रिवर्स हुई कार के पीछे आने से वह टायर के नीचे आ गया। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मु0अ0सं0- 189/2026 दर्ज कर लिया है। थाना डालनवाला पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और विवाद में शामिल युवकों की भूमिका तलाशी जा रही है।

