देहरादून। देहरादून के रिंग रोड स्थित बीजेपी ग्राउंड में चल रहे ‘उत्तराखंड ट्रेड महोत्सव’ की अवधि को त्यौहारी सीजन में लोगों की भारी भीड़ और अच्छे प्रतिसाद को देखते हुए 15 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है। आयोजक सुनील रावत ने बताया कि स्थानीय व्यापारियों, वेंडर्स और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की भारी मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसके साथ ही क्लेमेंटटाउन में 11 से 15 नवंबर तक 24वें ‘गढ़ कौथिग’ मेले का आयोजन होगा।
बीजेपी ग्राउंड रिंग रोड में आयोजित इस ट्रेड महोत्सव में आयोजकों और स्थानीय उद्यमियों को खरीदारों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार वेंडर्स और आजीविका मिशन से जुड़े समूहों की बिक्री और जनता के उत्साह को ध्यान में रखते हुए ही महोत्सव की तारीख आगे बढ़ाने का निर्णय हुआ है।
महोत्सव में खरीदारी के साथ-साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहाँ बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने और स्थानीय कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए विशेष मंच दिया जा रहा है। मेले में मिलेट्स और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों के कई स्टॉल लगाए गए हैं।
खरीदारी के शौकीनों के लिए महोत्सव में हस्तशिल्प, हथकरघा, कश्मीरी शॉल व सूट, जयपुरी चूरन-सुपारी, खुर्जा की क्रॉकरी, भदोही के कालीन, ज्वेलरी और प्लास्टिक सामान बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। वहीं, खान-पान के स्टॉलों पर हिमाचली सिद्धू के स्टॉल पर लोगों की विशेष भीड़ उमड़ रही है।
दूसरी ओर, देहरादून के क्लेमेंटटाउन स्थित पिपलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में 11 से 15 नवंबर तक पांच दिवसीय 24वें ‘गढ़ कौथिग’ का आयोजन किया जा रहा है। गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था की स्वर्ण जयंती और राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस मेले में उत्तराखंड की लोक संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिलेगी।
संस्था के अध्यक्ष सूबेदार मेजर बादर सिंह रावत ने बताया कि गढ़ कौथिग मेले में पहाड़ी व्यंजनों और पारंपरिक परिधानों के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। मेले में स्कूली बच्चों, महिला मंडली और उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
आयोजन के दौरान संस्था द्वारा स्मारिका ‘समलौण’ का विमोचन किया जाएगा और वरिष्ठ बुजुर्ग सदस्यों का सम्मान कर युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। जनता के लिए मेले में निशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाए जाएंगे, जबकि समापन अवसर पर लकी ड्रा के माध्यम से पुरस्कार वितरित होंगे।
महासचिव व पार्षद दीपक नेगी और मेला अधिकारी दुर्गा प्रसाद बडोनी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की लोक संस्कृति का संरक्षण और प्रचार-प्रसार करना है। मेलों में बच्चों और आम लोगों के मनोरंजन के लिए छोटे-बड़े कई झूले लगाए गए हैं।

