देहरादून 14 लाख लूटकांड: बजरंग दल का मुखर नेता सिद्धांत बडोनी समेत एक अन्य गिरफ्तार, गुप्तकाशी से पुलिस ने दबोचा

ख़बर शेयर करें

देहरादून। “धर्म की रक्षा या जेब की सफाई” ये सवाल जितना संवेदनशील है उतना ही दिलचस्प भी, जरा सोंचे कि क्या हो जब धर्म की रक्षा करते-करते कोई चोरी और बेईमानी पर इस कदर उतर आए कि वो किसी की कमाई पर ऐसी डकैती डाले जिसकी रकम जितनी बढ़ी हो उससे दुनी अपनी ही इज्जत की फज़ीहत करवा बैठे। ऐसा इसलिए क्योंकि बजरंग दल के एक मुखर नेता ने ऐसा कारनामा कर दिखाया जिसकी जगहंसाई अब सीमा से परे जा चुकी है।

दरअसल, मामला राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में हालिया हुए 14 लाख रुपये के लूटकांड से जुड़ा है जब 7 नवंबर को वादी राजेश कुमार सोनी अपने साथियों के साथ हरिपुर कलां मोतीचूर से प्लॉट का सौदा करने के लिए 14 लाख रुपये लेकर घर से निकले थे। लेकिन जैसे ही वे इंद्रेश अस्पताल के पास पहुंचे तो वहां कुछ बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और पैसों से भरा बैग झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद इस संबंध में कोतवाली पटेलनगर में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा भी दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड उपनल में 68 लाख का बड़ा फर्जीवाड़ा: जाली चेकों और फर्जी हस्ताक्षरों से निकाले गए पैसे

बहरहाल, घटना की गंभीरता को देखते हुए दून SSP के निर्देशन पर पुलिस टीमों ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से दबिशें शुरू की थीं और पुलिस ने 9 नवंबर को तीन और 10 नवंबर को दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसी कड़ी में पुलिस ने दबिश देकर 10 नवंबर को दो अन्य फरार आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान सिद्धांत बडोनी (निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, पटेलनगर) और दीपक सिंह शेखावत (निवासी एमडीडीए कॉलोनी, लक्ष्मण चौक, देहरादून) के रूप में हुई। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के साथ ही दून पुलिस ने अब तक इस आपराधिक षड्यंत्र में शामिल कुल सात आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है।

यह भी पढ़ें -  ऋषिकेश: भीड़ के बीच महिला की पुकार सुन रुके CM धामी के कदम, राशन कार्ड और मुफ़्त इलाज की करी फरियाद

दिलचस्प बात यह है कि लूटकांड के जुर्म में जिस सिद्धांत बडोनी को पुलिस ने गुप्तकाशी से गिरफ्तार किया वह पेशे से बजरंग दल का एक मुखर नेता है जो आए दिन सोशल मीडिया पर बजरंग दल के ध्वजा तले किसी न किसी मुद्दे पर एक्शन लेता नजर आता है। याददाश्त की ताजगी के लिए बताते चलें कि बजरंग दल का यह मुखर नेता बीते दिनों पहले कोटद्वार के मुहम्मद दीपक वाले प्रकरण में भी खूब सुर्खियां बटोर चुका है।

पुलिस पड़ताल में यह भी सामने आया कि ये दोनों शातिर अपराधी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहे थे और पुलिस से बचने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपी सिद्धांत बडोनी के कब्जे से 40 हजार और दीपक सिंह शेखावत के कब्जे से 42 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस तरह पुलिस अब तक कुल 3 लाख 2 हजार रुपये की रिकवरी कर चुकी है। दून पुलिस इस मामले में शामिल अन्य संभावित संपर्कों और साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़ें -  अंकिता भंडारी मामले पर सीएम धामी का विपक्ष को कड़ा जवाब, बोले- पीड़ित परिवार के आंसुओं पर राजनीति न करे विपक्ष

बहरहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने उन तमाम दावों की हवा निकाल दी है जो समाज में धर्म और नैतिकता का ठेका लेकर घूमते हैं। सोशल मीडिया पर खुद को ‘धर्म का रक्षक’ बताने वाले सिद्धांत बडोनी ने यह साबित कर दिया है कि कभी-कभी सबसे बड़े खतरे पहरेदारों की ही वर्दी या झंडे के पीछे छिपे होते हैं। 14 लाख के इस लूटकांड में जब खाकी ने अपना शिकंजा कसा, तो तथाकथित ‘बजरंगबली के सिपाही’ की सारी वीरता हवा हो गई और अब वे पुलिस की गिरफ्त में अपने किए पर हिसाब दे रहे हैं।