देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने देहरादून स्थित सीएम कैंप कार्यालय में राज्य के बोर्डों और निगमों में तैनात दायित्वधारियों के साथ हाई-लेवल मीटिंग की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के उद्देश्य से फैसला लिया गया कि सभी दायित्वधारियों को एक-एक संगठनात्मक मंडल की जिम्मेदारी दी जाएगी ताकि सरकारी योजनाओं को सीधे धरातल तक पहुंचाया जा सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दायित्वधारियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि वे सरकार और जनता के बीच मजबूत पुल का काम करते हैं। सीएम ने निर्देश दिए कि दायित्वधारी केवल कागजी बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि अपने आबंटित क्षेत्रों में जाकर जनता की समस्याओं और सुझावों को सीधे शासन-प्रशासन के संज्ञान में लाएं ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का अंतिम लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी दायित्वधारियों से जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और सरकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में मौजूद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी के बड़े अभियानों के लिए दायित्वधारियों को अलग-अलग मंडलों में काम पर लगाया जाएगा। उन्होंने सभी नेताओं को पार्टी संगठन के साथ बेहतर तालमेल बनाकर सौंपे गए काम को पूरी सक्रियता से पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रदेश सरकार द्वारा नामांकित 100 से अधिक दायित्वधारियों को अब दफ्तरों से निकालकर सीधे चुनावी फील्ड में उतारने का मास्टरप्लान तैयार किया गया है। आने वाले दिनों में भाजपा की ओर से आयोजित होने वाली ‘तिरंगा यात्रा’ से लेकर ‘रक्षाबंधन’ जैसे कार्यक्रमों में इन दायित्वधारियों की सीधी और मुख्य भूमिका तय की जाएगी।
बैठक में डिजिटल और सोशल मीडिया कवरेज बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। संगठन ने निर्देश दिए हैं कि सभी दायित्वधारी सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बढ़ाएं और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार जोर-शोर से करें। इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल समेत कई प्रमुख दायित्वधारी और वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

