देहरादून। त्योहारी सीजन के मद्देनजर देहरादून के सबसे व्यस्त पलटन बाजार और प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश के बाद अब पलटन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक किसी भी वाहन के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
बाजारों में बढ़ती भीड़ और जनसुरक्षा को पुख्ता करने के लिए शुक्रवार को एडीएम केके मिश्रा की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम के अधिकारियों के साथ व्यापार मंडल के प्रतिनिधि भी शामिल हुए, जहां त्योहारी सीजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
व्यापारियों के विशेष अनुरोध पर प्रशासन ने लोडिंग और अनलोडिंग का समय तय कर दिया है। अब व्यापारी अपनी दुकानों के लिए सामान की लोडिंग या अनलोडिंग का कार्य या तो सुबह 11 बजे से पहले कर सकेंगे या फिर शाम को 7 बजे के बाद ही कर पाएंगे।
जिला प्रशासन और पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ भी कड़ा अभियान चलाने का निर्णय लिया है। एडीएम मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पलटन बाजार और आसपास के क्षेत्रों में रेहड़ी-ठेली और सड़क पर बाधा बनने वाले अतिक्रमण के खिलाफ नियमित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस और नगर निगम मिलकर कड़ी कार्रवाई करेंगे। इस दौरान उपजिलाधिकारी मुख्यालय हर्षित मिश्रा, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, सीओ यातायात जगदीश पंत, व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसन व उपाध्यक्ष हरीश विरमानी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

