उत्तराखंड में चुनावी बिगुल: मुख्य निर्वाचन का अधिकारियों को पोलिंग बूथों का निरीक्षण करने के निर्देश

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर तैयारियों की कमान संभाली। सीईओ ने भारत निर्वाचन आयोग के ‘इलेक्शन प्लानर’ के अनुसार सभी चुनावी व्यवस्थाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों के सभी मतदान केंद्रों का खुद स्थलीय निरीक्षण करें। उन्होंने साफ किया कि हर पोलिंग बूथ के भवन की स्थिति, बिजली आपूर्ति, पीने के पानी और अन्य अनिवार्य सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त कर लिया जाए, ताकि मतदान के दिन कर्मचारियों और मतदाताओं को कोई असुविधा न हो।

यह भी पढ़ें -  टिहरी झील बनेगी 'ग्लोबल डेस्टिनेशन': मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मास्टर प्लान तैयार करने के दिए निर्देश

चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने के लिए अधिकारियों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया। डॉ. पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि आयोग के शेड्यूल के अनुसार सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स की शत-प्रतिशत ट्रेनिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि नए नियमों की पूरी जानकारी धरातल पर लागू हो सके।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: सहस्रधारा रोड पर महिला के अपहरण का प्रयास, शोर मचाने पर बदमाश फरार

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों को मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभावी ‘स्वीप’ प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि अगले महीने भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों का उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है, जो राज्य में चुनावी तैयारियों का भौतिक सत्यापन करेंगे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड ओपिनियन पोल 2026: धामी सरकार की बंपर वापसी का अनुमान, BJP को मिल सकती हैं 47 सीटें

समीक्षा के अंत में सीईओ ने प्रदेश में चल रहे एसआईआर अभियान की प्रगति का ब्योरा लिया और मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण में तेजी लाने को कहा। इस महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत सभी जिलों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।