‘उत्तराखंड@2047’ के विजन पर बड़ा मंथन: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन से मिले विश्व बैंक के MD पास्कल डोनोहोई

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन से विश्व बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चीफ नॉलेज ऑफिसर श्री पास्कल डोनोहोई और उनकी टीम ने देहरादून सचिवालय में शिष्टाचार भेंट की। इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के समग्र विकास, शहरीकरण, जलवायु परिवर्तन, जल प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और ‘उत्तराखंड@2047’ की विकास रणनीति पर विस्तृत मंथन किया गया।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड को वर्ष 2047 तक एक सशक्त, समृद्ध, टिकाऊ और आपदा-प्रतिरोधी राज्य के रूप में विकसित करने के लिए दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के प्रत्येक जिले में नदियों के पुनर्जीवन और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए विश्व बैंक से वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग की आवश्यकता है।

यह भी पढ़ें -  CM धामी ने किया 'बाला गौरिया' फिल्म के टीजर-पोस्टर का विमोचन, गोलज्यू के बाल जीवन पर है आधारित

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड के भविष्य के लिए जल, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। आने वाले समय में गहराने वाले जल संकट से निपटने के लिए राज्य में वर्षा जल संरक्षण और रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणालियों को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है।

पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने का जिक्र करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार का मुख्य फोकस स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के पर्याप्त अवसर पैदा करना है। युवाओं को स्थानीय स्तर पर काम देकर रिवर्स माइग्रेशन को प्रोत्साहित करने के लिए दीर्घकालिक विकास मॉडल तैयार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: IAS-PCS समेत 6 वरिष्ठ अधिकारियों के बदले विभाग

शिक्षा के क्षेत्र में विश्व बैंक के सहयोग पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि स्कूली और तकनीकी शिक्षा में आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आजीविका संवर्द्धन और पलायन नियंत्रण के लिए विश्व बैंक से तकनीकी और वित्तीय सहायता का अनुरोध किया।

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने राज्य के ऊर्जा, वित्त और पेयजल क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं का ब्योरा प्रस्तुत किया। विश्व बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर पास्कल डोनोहोई ने उत्तराखंड की प्राथमिकताओं को समझा और राज्य की फ्लैगशिप परियोजनाओं में दीर्घकालिक सहयोग और तकनीकी सहायता देने की अपनी प्रतिबद्धता जताई।

यह भी पढ़ें -  मुख्यमंत्री आवास में रक्षाबंधन का जश्न: बहनों ने CM धामी को बांधा रक्षा सूत्र, मिलीं शुभकामनाएं

सचिवालय में हुई इस बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव नरेंद्र सिंह भंडारी, रोहित मीणा, नवनीत पाण्डे और विश्व बैंक प्रतिनिधिमंडल से जोहांस जट्ट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad