देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने राज्य के युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए समूह ‘ग’ के तहत विभिन्न विभागों में कुल 553 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी विस्तृत परीक्षा शेड्यूल के अनुसार, इन पदों के लिए 8 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर निर्धारित की गई है। आयोग ने भर्ती परीक्षा की संभावित तिथि 15 नवंबर तय की है।
UKSSSC के सचिव एनएस डुंगरयाल की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, इस भर्ती अभियान के जरिए कनिष्ठ सहायक, सह डाटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर सहायक, वरिष्ठ सहायक, निबंधन लिपिक, टेलीफोन ऑपरेटर, सहायक खनिज पर्यवेक्षक, भूमि अर्जन अमीन, अहलमद व कैशियर, स्टोर कीपर, गृहमाता और सर्वे लेखपाल जैसे कई महत्वपूर्ण तकनीकी व लिपिकीय पदों को भरा जाएगा।
आयोग द्वारा घोषित शेड्यूल के तहत भर्ती का विज्ञापन 31 अगस्त को प्रकाशित किया गया है। अभ्यर्थी 8 सितंबर से आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन भर सकेंगे। यदि आवेदन पत्र में कोई गलती हो जाती है, तो उसमें सुधार के लिए 12 से 14 अक्टूबर तक का समय दिया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 15 नवंबर को परीक्षा कराने की तैयारी की जा रही है।
आवेदन प्रक्रिया के नियमों की बात करें तो अभ्यर्थियों को ऑनलाइन फॉर्म भरते समय अपने नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए हाईस्कूल प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की दोनों तरफ की छायाप्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, आरक्षण का दावा करने वाले उम्मीदवारों और अनुभव की मांग वाले पदों के लिए संबंधित प्रमाण पत्र अपलोड करना भी अनिवार्य रखा गया है।
भर्ती से जुड़ी सभी नियम-शर्तें, शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा की विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर उपलब्ध करा दी गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे फॉर्म भरने से पहले निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। किसी भी तरह की तकनीकी समस्या या सहायता के लिए अभ्यर्थी आयोग के टोल फ्री नंबर 9520991172, व्हाट्सएप नंबर 9520991174 या आधिकारिक ई-मेल आईडी [email protected] पर संपर्क कर सकते हैं।

