टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के पहाड़ी जिले टिहरी गढ़वाल में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के बाद भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हो गया है। जिला प्रशासन द्वारा जारी ताजा अपडेट के मुताबिक, ऋषिकेश-कीर्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-07) सहित कई मुख्य राज्य मार्ग और ग्रामीण सड़कें भारी मलबे के कारण अवरुद्ध हो गई हैं। इसका सीधा असर चामधाम यात्रा रूट और स्थानीय यातायात पर पड़ा है।
सड़क मार्ग की वर्तमान स्थिति देखें तो ऋषिकेश-कीर्तिनगर मोटर मार्ग (NH-07) तीनधारा के पास पहाड़ी से भारी मलबा आने के कारण बंद है। यह मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई हैं और आवाजाही पूरी तरह ठप है।
इसके अलावा, राज्य राजमार्ग 30 (SH-30) सुवाखोली-अलमस-नगुण मोटर मार्ग भी रौतु की बेली के पास अवरुद्ध हो गया है। वहीं, नरेंद्रनगर से रानीपोखरी को जोड़ने वाला राज्य राजमार्ग 77 (SH-77) भी मलबे की वजह से बंद है, जिससे देहरादून और ऋषिकेश का संपर्क प्रभावित हुआ है।
शहरी इलाकों के साथ-साथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति भी खराब है। वर्तमान में टिहरी जनपद के अलग-अलग विकासखंडों को जोड़ने वाले 06 ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीमें इन ग्रामीण सड़कों को खोलने की कोशिश में जुटी हैं।
प्रशासन के अनुसार, लोक निर्माण विभाग और संबंधित हाईवे अथॉरिटी द्वारा सभी बंद पड़े मार्गों को जल्द से जल्द सुचारु करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मलबे को हटाने के लिए संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी और भारी मशीनें तैनात की गई हैं।
खराब मौसम और पहाड़ों में लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम जनता और यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि वे इस समय अनावश्यक यात्रा करने से पूरी तरह बचें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि यात्रा करना बहुत जरूरी हो, तो घर से निकलने से पहले कंट्रोल रूम या स्थानीय पुलिस से मार्ग की नवीनतम जानकारी जरूर ले लें। सुरक्षा के लिहाज से पूरी जानकारी होने पर ही सफर की शुरुआत करें।

