देहरादून। उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू के तीन नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। बुधवार को नए मामलों की पुष्टि के साथ प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, फिलहाल 16 मरीज सक्रिय हैं जिनका देहरादून समेत अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
स्वाइन फ्लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रदेश के सभी जिलों में रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को तुरंत सक्रिय कर दिया गया है। संक्रमण से बचाव के लिए शासन स्तर से स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की गई है और सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में मरीजों के लिए विशेष बेड आरक्षित किए गए हैं।
राज्य में सामने आए कुल 52 मामलों में से अकेले देहरादून जिले में 35 मरीज दर्ज हुए हैं, जो इस संक्रमण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। बुधवार को सामने आए तीन नए मरीजों में भी एक मामला देहरादून का है, जबकि दो मरीज अन्य जिलों से हैं।
स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अस्पतालों में पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों में जरूरी दवाएं, आइसोलेशन वार्ड और रैपिड रिस्पॉन्स टीम की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है ताकि स्थिति पर काबू पाया जा सके।

