Dehradun: शिक्षिका सृष्टि कंडारी मौत मामले में पति और ननद गिरफ्तार, मां ने पुलिस को सौंपा प्रताड़ना का वीडियो

ख़बर शेयर करें

देहरादून। डोईवाला में चर्चित शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने शनिवार को बड़ा एक्शन लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मृतका के पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को हर्रावाला से गिरफ्तार कर लिया है। डोईवाला अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद पुलिस दोनों को हिरासत में ले गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने सीओ डोईवाला की अगुवाई में विशेष जांच टीम बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, बीती 29 जुलाई को श्रीनगर निवासी मृतका की मां सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि बेटी सृष्टि का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री के साथ हुआ था।

यह भी पढ़ें -  HNB गढ़वाल विवि में CM धामी ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र, 2.67 लाख छात्रों के विचारों को सराहा

सृष्टि की मां ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति, सास और ननद दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की थी।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: सीएम धामी का तीखा हमला, बोले- कांग्रेस के पास वास्तविक मुद्दों का अभाव...'छात्रों की गूंज' को बताया 'झूठ की गूंज'

जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए। इस दौरान मृतका की मां ने पुलिस को एक महत्वपूर्ण वीडियो साक्ष्य के रूप में सौंपा। इस वीडियो में सृष्टि कंडारी खुद अपनी शादी के बाद ससुराल पक्ष द्वारा दिए जा रहे कष्टों और प्रताड़ना की बात कहती नजर आ रही है।

यह भी पढ़ें -  किशाऊ बांध परियोजना: 6 राज्यों के बीच ऐतिहासिक समझौता आज, अमित शाह और सीएम धामी रहेंगे मौजूद

वीडियो साक्ष्य और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने शनिवार को 36 वर्षीय आरोपी पति सौरभ खत्री और उसकी 37 वर्षीय बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को लच्छमण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।