Srinagar News: ‘मदद करने पर पुलिस ने की अभद्रता’, सड़क हादसे के बाद कोतवाली में आधी रात भारी हंगामा

ख़बर शेयर करें

श्रीनगर। उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल में सोमवार देर रात सड़क हादसे के बाद कोतवाली परिसर में भारी बवाल हो गया। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जसवंत राणा की अगुवाई में छात्र नेताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए कोतवाली का घेराव किया। छात्रों ने पुलिस अधिकारी पर एक्सीडेंट के बाद एक छात्र को थप्पड़ मारने और अभद्रता करने का संगीन आरोप लगाया, जिसके बाद देर रात 12:30 बजे से पुलिस और छात्रों के बीच तीखा गतिरोध शुरू हो गया।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: रोपवे प्रोजेक्ट्स पर CM धामी का कड़ा रुख, बोले- 'फाइलों में नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए काम'

घटनाक्रम देर रात श्रीनगर क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे से शुरू हुआ, जहां एक बाइक और स्कूटी के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। रास्ते से गुजर रहे पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जसवंत राणा मौके पर रुके और घायलों की मदद करने लगे।

जसवंत राणा का आरोप है कि इसी दौरान पुलिस की गाड़ी वहां पहुंची और वाहन से उतरे एक अधिकारी ने खुद को सीओ बताते हुए बिना पूरी बात सुने हादसे में शामिल एक छात्र को थप्पड़ जड़ दिया। जब पूर्व छात्र अध्यक्ष ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध किया, तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया और जसवंत राणा की सूचना पर बड़ी संख्या में छात्र संघ से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोतवाली श्रीनगर पहुंच गए।

यह भी पढ़ें -  CM धामी ने किया'मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना' का शुभारंभ, सचिवालय में लगेगा 15 दिवसीय पखवाड़ा

कोतवाली परिसर में एकत्र छात्र नेताओं ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना था कि दुर्घटना के मामलों में पुलिस को संयम और कानूनी प्रक्रिया अपनानी चाहिए, न कि छात्रों पर हाथ उठाना चाहिए।

यह भी पढ़ें -  Uttarkashi: सिलक्यारा सुरंग में फिर हुआ भूस्खलन; पोलगांव बड़कोट छोर पर गिरा भारी मलबा

छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। वहीं, पूरे घटनाक्रम पर श्रीनगर कोतवाली पुलिस के उच्च अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष आना अभी बाकी है, जिसके बाद ही हादसे और मारपीट के दावों की पूरी सच्चाई साफ हो पाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad