रुड़की। उत्तराखंड के रुड़की स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी में मंगलवार रात एक निकाह समारोह अचानक अखाड़े में बदल गया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के एक बैंक्वेट हॉल में पिरान कलियर से आई बारात के कुछ युवकों पर महिलाओं से छेड़छाड़ का आरोप लगा। इस घटना से आक्रोशित दुल्हन पक्ष ने शादी की रस्में बीच में ही रोककर बारात को बिना निकाह के वापस लौटा दिया और उसी रात दूसरे युवक से युवती का निकाह करा दिया।
पुलिस के मुताबिक, पिरान कलियर क्षेत्र के मेहवड़ कलां गांव से बारात रुड़की पहुंची थी। आरोप है कि बारात में शामिल कुछ युवक शराब के नशे में धुत्त थे और उन्होंने समारोह में शामिल महिलाओं के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ शुरू कर दी।
लड़की पक्ष ने जब इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और लात-घूंसे चलने लगे। हंगामे और मारपीट के चलते निकाह का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। इसके बाद देर रात तक चली पंचायत में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी का रिश्ता खत्म करने का फैसला लिया।
समझौते के तहत दूल्हा पक्ष ने शादी में मिले दहेज का सामान और खाने का पूरा खर्च चुकाने की लिखित सहमति दी। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद दूल्हा और उसके परिजन बिना दुल्हन के ही खाली हाथ वापस लौट गए।
बारात के जाते ही दुल्हन पक्ष ने बड़ा कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक दूसरे युवक को आमंत्रित किया। उसी रात, उसी मंडप में सभी रस्में निभाई गईं और युवती का निकाह नए दूल्हे से कराकर विदाई कर दी गई।
हालांकि, मामला यहीं शांत नहीं हुआ। पंचायत के बाद जब दूल्हा पक्ष के लोग सामान और खर्च की रकम लेकर लौट रहे थे, तभी रास्ते में दोनों पक्षों में दोबारा खूनी झड़प हो गई। इस हिंसक मारपीट में दोनों तरफ के करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के अगले दिन बुधवार सुबह दोनों पक्षों ने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

