ऋषिकेश। योगनगरी ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर शराब पिलाने और नशे की हालत में सामूहिक दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना के समय पीड़िता के साथ मौजूद उसकी नाबालिग सहेली की भूमिका भी पुलिस जांच के दायरे में है।
पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनकी बेटी बीते एक जुलाई को अपनी सहेली के साथ आईडीपीएल क्षेत्र में एक समारोह में शामिल होने गई थी। वहां मौजूद कुछ युवकों ने दोनों को बहला-फुसलाकर शराब पिलाई और पीड़िता के अत्यधिक नशे में होने का फायदा उठाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। होश में आने पर पीड़िता को अपने साथ हुई दरिंदगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उसने परिजनों को आपबीती बताई। मेडिकल परीक्षण में नाबालिग से दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने रुड़की क्षेत्र के रहने वाले तीनों आरोपियों शिवम उर्फ शुभम (19 वर्ष), गोविंद (21 वर्ष) और दीपक उर्फ डीपी (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में नाबालिग को शराब पिलाने और दुष्कर्म की बात कबूल कर ली है। जांच में सामने आया कि पीड़िता आरोपियों को नहीं जानती थी, बल्कि उसकी सहेली ही उसे युवकों के पास ले गई थी। सहेली के नाबालिग होने के कारण उसकी सीधे गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन उसकी भूमिका की जांच जारी है।
इस वारदात ने आईडीपीएल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर पोल खोल दी है। खाली होने के बाद से इस परिसर की आवासीय कॉलोनियां और भवन पूरी तरह वीरान होकर खंडहर में तब्दील हो चुके हैं, जो अब अपराधियों और नशेड़ियों का मुफीद ठिकाना बन गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि असामाजिक तत्व इन खंडहरों से लोहे के नल, खिड़कियां व अन्य सामान चोरी कर बेचते हैं और प्राप्त पैसों से नशीले पदार्थ खरीदकर वहीं नशा करते हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, क्षेत्र में वन विभाग और पीआरडी के जवान तैनात रहने के बावजूद इन सुनसान और खंडहर भवनों में नियमित गश्त नहीं होती है। गश्त न होने से नशेड़ी और अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से आईडीपीएल के वीरान इलाकों में नियमित निरीक्षण, रात की गश्त बढ़ाने और चोरी व अपराध की गतिविधियों पर सख्त अंकुश लगाने की मांग की है।

