ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के नेटवर्क पर आबकारी विभाग ने करारा प्रहार किया है। ऋषिकेश आबकारी टीम और जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम ने रुषाफॉर्म गुमानीवाला के समीप नौकानाला पार जंगलों में छापेमारी कर अवैध शराब भट्टी का भंडाफोड़ किया। आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में 2000 किलोग्राम लहन और 80 लीटर तैयार कच्ची शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि गुमानीवाला के पास नौकानाला पार घने जंगल में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट की अगुवाई में टीम ने मौके पर दबिश दी और जंगल के भीतर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
छापेमारी के दौरान टीम ने पाया कि तस्करों ने जमीन के अंदर गड्ढे खोदकर ड्रम दबा रखे थे, जिनमें लगभग 2000 किलोग्राम लहन भरा हुआ था। इसके अलावा 4 जरिकेनों में 80 लीटर तैयार कच्ची शराब भी मिली। आबकारी टीम ने मौके पर ही लहन और भट्टी के उपकरणों को नष्ट कर दिया।
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम को अपनी ओर आता देख शराब तस्करों में हड़कंप मच गया। घने जंगल और भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। टीम ने आसपास के इलाके में घेराबंदी कर तलाश की, लेकिन झाड़ियों का सहारा लेकर अज्ञात तस्कर फरार हो गए।
आबकारी विभाग ने फरार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश, अर्जुन सिंह, आबकारी हेड कांस्टेबल हेमंत सिंह, राकेश सिंह, दीपा डोबरियाल और कांस्टेबल अंकित कुमार, सोनम पंवार व रेशमा चौहान शामिल रहे।

