ऋषिकेश। उत्तराखंड में अवैध शराब की तस्करी और अवैध परिवहन पर लगाम कसने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आज 16 सितंबर को ऋषिकेश आबकारी टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आबकारी आयुक्त और संयुक्त आबकारी आयुक्त गढ़वाल मंडल के सख्त निर्देशों पर आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में ऋषिकेश क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान श्यामपुर फाटक के समीप आबकारी टीम ने घेराबंदी करते हुए दुपहिया वाहन से अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक अभियुक्त को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए शराब तस्कर की पहचान बिट्टू कुमार पुत्र मंटू साहनी के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से ग्राम मणिपुर, दहिला, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में वार्ड संख्या 28, बिंदाल बस्ती, देहरादून में किराए पर रह रहा था। आबकारी टीम ने नियमित चेकिंग के आधार पर श्यामपुर फाटक के पास संदिग्ध दुपहिया (वाहन संख्या UK07 AL-8918) को रोका और जब वाहन की गहन तलाशी ली गई तो उसमें से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की गई।
बताते चलें कि चेकिंग के दौरान जब आबकारी टीम ने उक्त वाहन के पायदान पर रखे प्लास्टिक के बोरे की जांच करी तो वहां से 96 पव्वे इंपीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब के बरामद किए गए। इसके बाद जब टीम ने स्कूटी की डिग्गी खोलकर तलाशी ली, तो डिग्गी के भीतर से 50 पाउच माल्टा देशी शराब के बरामद हुए। आबकारी विभाग ने तुरंत प्रभाव से अवैध शराब की इस पूरी खेप को जब्त करते हुए तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को सीज कर दिया है।
आबकारी विभाग ने अभियुक्त बिट्टू कुमार के खिलाफ नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आबकारी अधिनियम की सुसंगत धारा 60 और धारा 72 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने किया। उनके साथ इस पूरी रेडिंग टीम में उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश, अर्जुन सिंह तथा आबकारी सिपाही अंकित कुमार एवं सिपाही आशीष चौहान मुस्तैदी से तैनात रहे।
आबकारी विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

