ऋषिकेश में रिश्तों का कत्ल! शराब के नशे में धुत बेटे ने मां को मारी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र की आम बाग विस्थापित कॉलोनी में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ शराब के नशे में धुत एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही सगी मां को अवैध तमंचे से गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित गौड़ को गिरफ्तार कर उसके पास से वारदात में इस्तेमाल अवैध तमंचा बरामद कर लिया है। घायल मां उषा देवी को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

विस्थापित कॉलोनी में रहने वाला 32 वर्षीय सुमित गौड़ लंबे समय से शराब पीने का आदी है। वह अक्सर शराब के नशे में अपनी मां उषा देवी के साथ विवाद और मारपीट करता था। रविवार देर रात भी वह अत्यधिक शराब पीकर घर लौटा था, जिस पर मां ने उसे टोक दिया।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर महिला से 25 लाख की साइबर ठगी

मां का टोकना शराब के नशे में धुत सुमित को नागवार गुजरा और वह गुस्से से बेकाबू हो गया। उसने तुरंत घर में छिपाकर रखा अवैध तमंचा निकाला और अपनी मां पर सीधे गोली चला दी। गोली लगते ही उषा देवी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी मौके पर दौड़े और तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी।

सीओ तुषार बोहरा ने बताया कि पुलिस ने घटना के बाद तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी सुमित गौड़ को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी के बड़े भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि उसके पास यह अवैध हथियार कहां से आया था। इस वारदात के बाद से विस्थापित कॉलोनी के निवासियों में भारी दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने रचा इतिहास; तोड़ा सुदर्शन अग्रवाल का रिकॉर्ड, बनाया बड़ा कीर्तिमान

6 महीने में तीसरा गोलीकांड, पुलिसिंग पर उठे गंभीर सवाल

योग नगरी ऋषिकेश, जिसे अपनी शांति और सुरक्षा के लिए जाना जाता था, वह अब लगातार हो रही गोलीबारी की वारदातों से दहल उठा है। बीते छह महीने में ऋषिकेश क्षेत्र में गोलीबारी की यह तीसरी बड़ी घटना है, जिसने स्थानीय कानून-व्यवस्था और को लेकर पुलिस की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

इससे पहले, बीते फरवरी महीने में शिवाजी नगर क्षेत्र में एक युवक ने अपनी तलाकशुदा प्रेमिका की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस वारदात में भी अपराधी के पास अवैध तमंचा मिला था। इसके बाद जून महीने में भुट्टोवाला क्षेत्र में तीन बदमाशों ने ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुए थे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में अमानक मदरसों पर कड़ा फैसला: लाइब्रेरी और साइंस लैब होना जरूरी, नहीं तो लगेगा ताला

भुट्टोवाला मामले की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ था कि पकड़े गए आरोपी बिहार में लूट और हत्या की वारदातों को अंजाम देने के बाद ऋषिकेश में छिपे हुए थे। रविवार रात आईडीपीएल क्षेत्र में हुई इस ताजा घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि इलाके में अवैध हथियारों की पहुंच बेहद आसान हो चुकी है, जिसने स्थानीय खुफिया तंत्र और पुलिस गश्त की प्रभावशीलता को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad