रामनगर। देवभूमि उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रामनगर से एक बेहद सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां के सावल्दे गांव स्थित ‘एक्रोन रिसोर्ट’ में चल रहे एक बड़े देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी 51 आरोपियों को जेल भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है, वहीं पकड़े गए एक नाबालिग किशोर को किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया है।
रामनगर और उसके आसपास के इलाकों में छोटे-बड़े दो सौ से भी अधिक होटल और रिसोर्ट संचालित हैं, जो अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। लेकिन कुछ चुनिंदा रिसोर्ट मालिकों ने चंद रुपयों की खातिर पर्यटन की मूल आत्मा और इस पवित्र क्षेत्र की छवि को पूरी तरह से दागदार करना शुरू कर दिया है।
पर्यटन की आड़ में जिस्मफरोशी और डांस पार्टियां
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ये रिसोर्ट्स प्रकृति प्रेम और सुकून के बजाय अनैतिक गतिविधियों के मुख्य ठिकाने बन चुके हैं। इन जगहों पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य बाहरी राज्यों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार और बड़ी डांस पार्टियां आयोजित कराई जा रही थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गतिविधियों के कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और नई पीढ़ी पर इसका बेहद गलत असर पड़ रहा है।
पुराने मामलों से भी नहीं लिया सबक
रामनगर के रिसोर्ट्स में इस तरह की गंदगी और अश्लीलता सामने आने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी पुलिस ने ढिकुली, बैलपड़ाव और सांवल्दे क्षेत्र के कई रिसोर्ट्स में छापेमारी कर बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। लेकिन कुछ समय शांत रहने के बाद, यह काला धंधा नए नाम, नए चेहरे और नए दलालों के साथ फिर से पैर पसार लेता है।
गैंगस्टर एक्ट और लाइसेंस रद्द करने की उठ रही मांग
इस बड़े खुलासे के बाद अब पर्यटन विभाग और पुलिस प्रशासन से केवल छिटपुट छापेमारी करने के बजाय बेहद सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है। बुद्धिजीवियों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि अनैतिक गतिविधियों में लिप्त ऐसे रिसोर्ट्स के लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त किए जाएं। ऐसे रिसोर्ट स्वामियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा चलाया जाए। दोषियों की अवैध संपत्तियों की कुर्की जैसी कड़ी कार्रवाई की जाए।
होटल एंड रिसोर्ट एसोसिएशन का बड़ा बयान
इस बीच, होटल एंड रिसोर्ट एसोसिएशन रामनगर ने इस घिनौने कृत्य पर कड़ा रुख अपनाया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीमान सिंह ने साफ लहजे में कहा कि हमारी एसोसिएशन ऐसे किसी भी गलत और अनैतिक कार्य के साथ कभी खड़ी नहीं है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी सभी होटल और रिसोर्ट संचालकों को कड़ी हिदायत दी जा चुकी है कि रामनगर में केवल प्रकृति से प्रेम करने वाले पर्यटक आते हैं और यहां ऐसी गंदगी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। एसोसिएशन पूरी तरह से प्रशासन के साथ है और इस गलत काम का पुरजोर विरोध करती है।

