देहरादून। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की बहनों को एक बड़ा तोहफा दिया है। राज्य सरकार के नए आदेश के मुताबिक, आगामी 28 और 29 अगस्त 2026 को प्रदेश की सभी महिलाएं उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में बिना कोई किराया दिए बिल्कुल मुफ्त सफर कर सकेंगी। शासन ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर परिवहन निगम को तत्काल व्यवस्थाएं जुटाने के निर्देश दिए हैं।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, रक्षाबंधन पर्व पर लगातार दो दिनों तक राज्य की सीमाओं के भीतर चलने वाली रोडवेज की सभी बसों में महिलाओं को शत-प्रतिशत किराया छूट मिलेगी। इस योजना का सीधा लाभ प्रदेश की लाखों महिलाओं को मिलेगा, जो त्यौहार के अवसर पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए एक शहर से दूसरे शहर की यात्रा करती हैं।
हर साल रक्षाबंधन पर मायके और परिजनों के घर जाने वाली महिलाओं की भारी भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। धामी सरकार की इस जनहितकारी पहल से महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और नि:शुल्क सफर की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें त्यौहार के समय यात्रा में बड़ी आर्थिक राहत भी हासिल होगी।
परिवहन निगम को होने वाले वित्तीय नुकसान पर स्थिति साफ करते हुए शासन की अपर सचिव रीना जोशी ने आदेश में स्पष्ट किया है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को दी जाने वाली नि:शुल्क सफर सुविधा से रोडवेज निगम पर जो भी अतिरिक्त व्ययभार पड़ेगा, उसकी शत-प्रतिशत भरपाई राज्य सरकार अपने खजाने से करेगी।
शासनादेश जारी होते ही उत्तराखंड परिवहन विभाग ने रोडवेज निगम के सभी डिपो और बस स्टेशनों को अलर्ट जारी कर दिया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि 28 और 29 अगस्त को अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी रूट पर यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेश की बहनों के हित में लिया गया यह निर्णय धामी सरकार की महिला सम्मान और सशक्तिकरण की नीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। सरकार के इस कदम से राज्य भर की महिलाओं और उनके परिवारों में बेहद खुशी का माहौल है।

