उत्तराखंड: CM धामी ने NIM उत्तरकाशी के 4 सफल पर्वतारोहण अभियानों का किया फ्लैग-इन

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान उत्तरकाशी द्वारा संचालित चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को उनकी ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी और विषम परिस्थितियों में दिखाए गए साहस व टीम भावना की सराहना की। इस अवसर से प्रदेश के युवाओं को साहसिक खेलों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान ने देश और दुनिया में उच्च हिमालयी प्रशिक्षण और साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि संस्थान युवाओं को न केवल पर्वतारोहण का उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दे रहा है, बल्कि उनमें कठिन परिस्थितियों का सामना करने के लिए नेतृत्व क्षमता, साहस और अनुशासन भी विकसित कर रहा है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड ओपिनियन पोल 2026: धामी सरकार की बंपर वापसी का अनुमान, BJP को मिल सकती हैं 47 सीटें

फ्लैग-इन किए गए अभियानों में अर्जेंटीना स्थित माउंट एकांकागुआ (6,961 मीटर) का सफल संयुक्त अभियान भी शामिल रहा। एनआईएम और जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स, पहलगाम के इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया। छह सदस्यीय इस दल ने 22 फरवरी 2026 को अर्जेंटीना की इस सर्वोच्च चोटी पर तिरंगा फहराया था, जिसे रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली से फ्लैग ऑफ किया था।

संस्थान के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। इस अभियान दल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को माउंट कुन की 7,077 मीटर ऊंची चोटी पर सफलतापूर्वक आरोहण किया। स्वतंत्रता दिवस पर हासिल की गई यह सफलता पूरे दल और संस्थान के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बनी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में मतदाता सूची पर संग्राम: वोट कटने पर कांग्रेस की चुनाव आयोग को आंदोलन की चेतावनी

इसी सफल अभियान को आगे बढ़ाते हुए दल ने लगातार नई ऊंचाइयों को छुआ। पर्वतारोहियों ने 26 अगस्त 2026 को माउंट डेल्टा-41 (5,908 मीटर) और 31 अगस्त 2026 को माउंट नुन की 7,135 मीटर ऊंची चोटी पर भी तिरंगा फहराया। इस तरह टीम ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चुनौतीपूर्ण चोटियों पर सफल आरोहण कर एक बड़ा रिकॉर्ड स्थापित किया।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: दाखिला पाने के लिए कराई थी नकली 'धर्मवीर सिंह' की एंट्री, SIT जांच में घिरे कई बड़े अफसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में अपार अवसर प्रदान करती हैं। पर्वतारोहियों की यह विशिष्ट उपलब्धियां युवाओं को साहसिक खेलों की तरफ आकर्षित करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम और मान मजबूत करने में बेहद सहायक साबित होंगी।

इस फ्लैग-इन समारोह में विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, एनआईएम उत्तरकाशी के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, जिम एंड डब्लूएस पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित एनआईएम के वरिष्ठ अधिकारी और पर्वतारोहण अभियानों के जांबाज सदस्य मौजूद रहे।