Uttarakhand: धामी सरकार ने विकास-सौंदर्यीकरण योजनाओं के लिए दी ₹53.72 करोड़ की वित्तीय मंजूरी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रशासनिक सुधार और धार्मिक-सैन्य स्थलों के कायाकल्प के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए ₹53.72 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस फैसले से नैनीताल, चमोली, देहरादून और पौड़ी गढ़वाल जिलों के बुनियादी ढांचे को सीधा मजबूती मिलेगी। शासन स्तर पर इन स्वीकृतियों से जुड़े संबंधित आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में पीने का पानी बना खतरा: पहाड़ों में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया तो शहरों में घुला खतरनाक TDS

स्वीकृत बजट में सबसे बड़ा हिस्सा नैनीताल जिले के रामनगर शहर को मिला है। रामनगर सीवरेज योजना के तहत वर्तमान 7.0 एमएलडी सीवेज शोधन संयंत्र के ट्रंक और शाखा सीवर निर्माण कार्य के लिए ₹42.75 करोड़ मंजूर किए गए हैं। इस परियोजना के पूरा होने से रामनगर शहर की जल निकासी और स्वच्छता व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

राज्य के प्रशासनिक ढांचे को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने राजस्व परिषद, मंडलायुक्त कार्यालयों और जिला कार्यालयों में स्थित राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण कार्यों के लिए इस बजट को हरी झंडी दी है। इससे जमीनी और प्रशासनिक रिकॉर्ड सुरक्षित और डिजिटल रूप से सुलभ हो सकेंगे।

यह भी पढ़ें -  हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद: गणेश गोदियाल का BJP पर तंज, बताया दलित विरोधी मानसिकता

धार्मिक पर्यटन और स्थानीय जनआस्था को बढ़ावा देते हुए चमोली जिले के कर्णप्रयाग स्थित रानीगढ़ के प्रसिद्ध आदिशक्ति देवराड़ी देवी मंदिर परिसर के विस्तार और सौंदर्यीकरण को मंजूरी दी गई है। कुल ₹98.28 लाख के प्रोजेक्ट में से पहली किस्त के रूप में ₹58.968 लाख की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: गृह क्षेत्र पहुंचे CM धामी, रवि चाट स्टॉल पर टिक्की चख दिया 'वोकल फॉर LOCAL' को बल

सैनिक कल्याण के तहत राजधानी देहरादून स्थित राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए अवशेष ₹39 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं, पौड़ी गढ़वाल के नैनीडांडा ब्लॉक में स्थित स्व० जगमोहन सिंह नेगी मोटर मार्ग का नाम बदलकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व० श्री अवतार सिंह के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री ने मंजूरी दे दी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad