शराब तस्करों पर प्रेरणा बिष्ट का शिकंजा, कॉलेज छात्रों को होम डिलीवरी करने वाले गिरोह पर आबकारी टीम की बड़ी कार्रवाई….

ख़बर शेयर करें

देहरादून। जनपद देहरादून में शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। तस्करों के लिए इन दिनों प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट मानो काल बनती दिखाई दे रही हैं। जिले में जब भी अवैध शराब के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई होती है, आबकारी विभाग की टीम के साथ प्रेरणा बिष्ट का नाम प्रमुखता से सामने आता है।

इसी कड़ी में देर रात आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कंडोली-बिडौली इलाके में बड़ी दबिश देकर हरियाणा और चंडीगढ़ से लाई जा रही अवैध शराब के नेटवर्क का खुलासा किया है। प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून और आबकारी टीम मसूरी ने कंडोली-बिडौली क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

यह भी पढ़ें -  धामी सरकार का ऐतिहासिक मास्टर स्ट्रोक, 20 हजार उपनल कर्मियों का 10 साल का इंतजार खत्म

टीम ने मौके से एक चारपहिया वाहन और तीन स्कूटी जब्त की हैं। तलाशी के दौरान ‘फॉर सेल इन चंडीगढ़ ओनली’ अंकित 10 पेटी अंग्रेजी शराब और 9 पेटी बीयर बरामद हुई। यानी कुल 19 पेटी अवैध शराब को आबकारी टीम ने अपने कब्जे में लिया। सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि इस अवैध शराब को केवल सामान्य तस्करी के तौर पर नहीं देखा जा रहा था, बल्कि आरोप है कि इसे कॉलेज छात्रों तक होम डिलीवरी के माध्यम से पहुंचाया जा रहा था।

आबकारी टीम के मुताबिक हरियाणा से शराब लाकर बिडौली क्षेत्र में इसकी बिक्री की जा रही थी। कार्रवाई ने देहरादून में युवाओं तक अवैध शराब पहुंचाने वाले नेटवर्क को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी बताए जा रहे विक्रांत उर्फ गर्वित ने आबकारी टीम को देखकर अपना चारपहिया वाहन छोड़कर फरार होने का प्रयास किया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के 49 सरकारी स्कूलों में बढ़ा नामांकन, यू-डायस के आंकड़ों से हुआ खुलासा

वहीं टीम ने अंकुश, सौरभ और महिला अभियुक्त पिंकी, सभी निवासी हरियाणा, को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 63/72 आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। फरार मुख्य आरोपी की तलाश भी जारी है।

इस पूरी कार्रवाई में आबकारी विभाग ने जिस तरह तस्करी के नेटवर्क तक पहुंच बनाई, उससे साफ है कि विभाग अब केवल शराब की बरामदगी तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि अवैध शराब के सप्लाई नेटवर्क पर भी शिकंजा कसने की कोशिश कर रहा है। खास तौर पर कॉलेज छात्रों को कथित तौर पर होम डिलीवरी के जरिए शराब उपलब्ध कराने का मामला सामने आने के बाद कार्रवाई की गंभीरता और बढ़ जाती है।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand SIR: इन 3 जिलों में काटे जा रहे सर्वाधिक वोट, एक नाम के पीछे दर्ज हुईं 5906 आपत्तियां

कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक मसूरी दिवाकर चौधरी, जयवीर सिंह, उप आबकारी निरीक्षक उमराव सिंह राठौर, आशीष प्रकाश, अर्जुन सिंह समेत हेड कांस्टेबल राकेश नाथ, गोविंद सिंह, हेमंत, नौशाद और रीनू कुमार सहित आबकारी विभाग की टीम शामिल रही।

देहरादून में लगातार हो रही ऐसी कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। वहीं प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में चल रही कार्रवाई ने यह संदेश जरूर दे दिया है कि शराब तस्करी का नेटवर्क कितना भी मजबूत क्यों न हो, आबकारी विभाग अब उसके पीछे पहुंचकर कार्रवाई करने के मूड में है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad