देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को उत्तरकाशी के पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना करते हुए राज्य व देश की समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का यह पूरा सफर राष्ट्र सेवा, अंत्योदय और देश के सर्वांगीण विकास के प्रति पूर्ण समर्पण का काल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपनी दूरदर्शी सोच से देश की राजनीति और विकास को एक नई दिशा और अभूतपूर्व ऊर्जा दी है, जिससे आज वैश्विक मंच पर भारत का मान और कद दोनों बढ़े हैं।

देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती से बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने को अपना सौभाग्य बताते हुए सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ‘विकसित राष्ट्र’ के अपने महान संकल्प की ओर निरंतर और तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह 25 साल की यात्रा देश के हर नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान स्थानीय जन प्रतिनिधि, प्रशासन के बड़े अधिकारी और बड़ी संख्या में शिव भक्त उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगल कामना की। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के ढाई दशक पूरे होने पर देश भर में इस तरह के कार्यक्रम उनके राष्ट्र के प्रति योगदान को रेखांकित करते हैं।

