देहरादून। उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मंडलायुक्त दीपक रावत ने 15 दिनों के भीतर मंदिर परिसर में एंट्री और एग्जिट की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन अब श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पंजीकरण के लिए जल्द ही एक नया पोर्टल शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
इस पोर्टल के शुरू होने से मंदिर की क्षमता और आने वाले पर्यटकों की संख्या का सटीक आकलन किया जा सकेगा। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मेले के दौरान तीन दिनों में करीब 1.30 लाख लोग कैंची धाम पहुंचे थे। वर्तमान में वीकेंड पर 21 से 25 हजार तक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जबकि बीते एक वीकेंड पर यह आंकड़ा लगभग 40 हजार तक पहुंच गया था। जून के बाद से यहां श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
प्रबंधन के मुताबिक, कैंची धाम मंदिर परिसर वर्तमान में इतनी बड़ी संख्या में आने वाली भीड़ के लिहाज से तैयार नहीं है। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर उठाये जा रहे इन कदमों से आने वाले दिनों में बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को व्यवस्थित और सुरक्षित माहौल मिलने की उम्मीद है।

