रामनगर में आबकारी विभाग का बड़ा छापा: 15 हजार किलो लहन नष्ट, 4 भट्ठियां ध्वस्त और 45 लीटर शराब जब्त

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिला स्थित रामनगर क्षेत्र में बीते 15 सितंबर को आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सघन छापेमारी अभियान के दौरान टीम ने 15,000 किलोग्राम लहन नष्ट किया, वहीं 4 जलती भट्ठियों को ध्वस्त किया और मौके से 45 लीटर कच्ची शराब जब्त की।

बताते चलें कि आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल और संयुक्त आबकारी आयुक्त (कुमाऊं) के. के. कांडपाल के कड़े निर्देशों पर यह विशेष अभियान चलाया गया। वहीं सहायक आबकारी आयुक्त हरीश जोशी के नेतृत्व में जनपदीय प्रवर्तन दल और कुमाऊं मंडल की टीम ने रामनगर के आसपास कई संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

यह भी पढ़ें -  ED की रेड पर पूर्व सीएम हरीश रावत की सरकार को खुली चुनौती! बोले- 'आयोग बनाकर मेरे कार्यकाल की जांच कराएं'

कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक मनोहर पतियाल, धीरेंद्र सिंह बिष्ट और रुचिका कांडपाल की टीम ने हल्दुआ बैरियर पर कुल 89 वाहनों की सघन चेकिंग की। इसके बाद टीम ने थारी कांडला सहित 11 संवेदनशील इलाकों में ताबड़तोड़ छापे मारे और मौके पर 2 आबकारी केस दर्ज भी किए।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: 4 अमर शहीदों के पैतृक गांवों में बनेंगे शहीद द्वार और स्मारक, धामी सरकार ने दी वित्तीय मंजूरी

इस छापेमारी के दौरान अवैध शराब बनाने के लिए छिपाकर रखा गया 15,000 किलो लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही 4 जलती हुई भट्ठियों को तोड़कर 45 लीटर तैयार कच्ची शराब को कब्जे में लिया गया, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें -  अग्निवीर भर्ती 2027: 5 अक्टूबर से शुरू होगा फिजिकल टेस्ट, 3000 अभ्यर्थी होंगे शामिल

आबकारी विभाग ने साफ किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि शराब माफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।