हरिद्वार के झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में धूप नहीं निकली थी। बारिश से गांव भीग रहा था कि तभी बारिश की बौछार की आवाज में गोलियों की तड़तड़ाहट मिल गई। गोली की इस आवाज से गांव में हड़कंप मच गया और बदहवासी छा गई..लोग घरों से बहार निकले तो पता चला कि मुन्ना के बेटे अशोक और रूपा की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
घटना की खबर मिलते ही झबरेड़ा पुलिस गांव में पहुंची। खून सने युवक और युवती के शव कब्जे में लिए कत्ल की वारदात को सुलझाने के लिए मौके पर कुछ सुराग तलाशे । पता चला कि जिस युवक ने गोली चलाकर हत्याकांड को अंजाम दिया है उसने इस कांड से पहले भी फायरिंग की एक वारदात को अंजाम दिया था और मामले में जेल जा चुका है ।
बताया जा रहा है कि इस बार आरोपी ने अपनी बहिन और अशोक को जो रिश्ते में उसका भाई लगता था दोनो की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस की माने तो आरोपी को शक था कि उसकी बहिन के साथ मृतक अशोक का प्रेम-प्रसंग है जो उसे बर्दाश्त नहीं था। मतलब नाते-रिश्ते में प्रेम प्रसंग प्रकरण से आरोपी खफा था और इस वजह से उसने दोनो की जान ले ली।
हालांकि मौके पर झबरेड़ा पुलिस पंहुची तो आरोपी मौके से फरार था। लिहाजा झबरेड़ी कलां गांव में हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित कर दी हैं और उसके संभावित ठिकानो पर दबिश देने का काम शुरू कर दिया है। ताकि हत्यारोपी जल्द से जल्द पुलिस के हत्थे चढ़े और कानून उसे उसके गुनाह की सजा दे सके। फिलहाल पुलिस ने मौके से दोनो शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
दोहरे हत्याकांड से झबरेड़ी कला गांव सहमा हुआ है । हर कोई भाई बहिन के इस खून सने रिश्ते की चर्चा कर रहा है।उधर पुलिस ने भी अपनी पड़ताल शुरू कर दी है ।
नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी हरिद्वार

