देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने देहरादून स्थित विधानसभा परिसर में राजपुर रोड क्षेत्र के विकास कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में मंत्री ने नगर निगम की बदहाल सफाई व्यवस्था पर भारी असंतोष जताया और 15 दिनों में सुधार का अल्टीमेटम दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के निर्देशों का हवाला देते हुए उन्होंने 15 अक्टूबर तक क्षेत्र की सभी सड़कों को हर हाल में गड्ढा मुक्त करने के सख्त निर्देश दिए।
राजपुर रोड और पलटन बाजार क्षेत्र में कूड़ा न उठने और नालियों की सफाई न होने पर नाराजगी जताते हुए कैबिनेट मंत्री ने नगर निगम के अफसरों की क्लास लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निगम के कामकाज से जनता त्रस्त है और बार-बार कहने के बावजूद सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। उन्होंने नगर आयुक्त को 15 दिन में पूरी व्यवस्था दुरुस्त करने की हिदायत दी।

लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री खजान दास ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गड्डा मुक्त सड़क अभियान में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने 15 अक्टूबर की समयसीमा तय करते हुए तुरंत टेंडर प्रक्रिया पूरी करने और सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने को कहा।
समीक्षा बैठक से बिना किसी पूर्व सूचना के नदारद रहने पर मंत्री खजान दास ने स्मार्ट सिटी और पेयजल निगम के अधिकारियों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने दोनों विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अनुपस्थित अफसरों की जवाबदेही तय करने और शासन स्तर पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में यूपीसीएल को बिजली लाइनों को भूमिगत करने का काम तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही हरिद्वार रोड पर फुटओवर ब्रिज, परेड ग्राउंड व पलटन बाजार के लंबित प्रोजेक्ट्स, सीवर लाइन और चौराहों के सौंदर्यकरण के काम आपसी समन्वय से प्राथमिकता पर निपटाने को कहा गया।

प्रधानमंत्री के ‘वर्ष 2047 तक विकसित भारत’ के विजन का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि अपने शहर और राज्य को बेहतर बनाकर ही इस सपने को पूरा किया जा सकता है। बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे सहित पीडब्ल्यूडी, यूपीसीएल और जल संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

