देहरादून। उत्तराखंड की धामी सरकार ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 11 वरिष्ठ आईएएस और आईएफएस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव कर दिया। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार कई महत्वपूर्ण विभागों में नई तैनातियां की गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों से अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिए गए हैं।
जारी आदेश के तहत प्रमुख सचिव ललित मोहन रयाल से आबकारी विभाग का प्रभार हटा दिया गया है। सचिव नितेश कुमार झा से सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग हटाकर उन्हें पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं डॉ. पंकज कुमार पांडेय को सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव बनाया गया है।
सचिव रविनाथ रमन को विद्यालयी शिक्षा विभाग से हटाकर परिवहन विभाग एवं आयुक्त परिवहन का दायित्व दिया गया है। इसके बाद बृजेश कुमार संत से परिवहन विभाग लेकर उन्हें आबकारी विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा डॉ. सुरेंद्र नारायण पांडेय को गन्ना विकास एवं चीनी विभाग, ज्योति यादव को विद्यालयी शिक्षा, युगल किशोर पंत को सचिवालय प्रशासन तथा रणवीर सिंह चौहान को वित्त विभाग का सचिव बनाया गया है।
आईएफएस अधिकारी डॉ. पराग मधुकर धकाते से पंचायती राज विभाग का प्रभार वापस लिया गया है, जबकि आईएएस अभिषेक रुहेला को राज्य संपत्ति विभाग का अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को आगामी सरकारी कार्यों, विभागीय समन्वय और प्रशासनिक दक्षता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों के सामने विभागीय योजनाओं को गति देने और शासन की प्राथमिकताओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने की चुनौती रहेगी।

