Dehradun: दून फिल्म स्कूल में भारत–ब्राजील फिल्म एक्सचेंज प्रोग्राम 2026 का भव्य शुभारंभ

ख़बर शेयर करें

देहरादून। दून लाइब्रेरी एंड रिसर्च सेंटर में सोमवार को ‘भारत-ब्राजील फिल्म एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। दून फिल्म स्कूल, दून सोसायटी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन और ब्राजील की संस्था ‘Cinema No Interior’ के संयुक्त प्रयास से यह अंतरराष्ट्रीय ओरिएंटेशन सह उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में देश-विदेश के शिक्षाविद, फिल्म विशेषज्ञ और विद्यार्थी शामिल हुए।

समारोह की मेजबानी करते हुए दून फिल्म स्कूल के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ प्रियदर्शी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सिनेमा सीमाओं से परे विचारों और संस्कृतियों को जोड़ने वाली एक सार्वभौमिक भाषा है। इस पहल का मकसद केवल फिल्म निर्माण की तकनीक सिखाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को वैश्विक सोच, सांस्कृतिक संवेदनशीलता और रचनात्मक नेतृत्व के लिए तैयार करना है।

यह भी पढ़ें -  मसूरी-देहरादून हाईवे पर कोल्हूखेत के पास धंसी सड़क, PWD ने जारी किया अलर्ट

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के. एस. चौहान ने राज्य की फिल्म नीति और संभावनाओं पर बात की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड तेजी से फिल्म शूटिंग और फिल्म शिक्षा के वैश्विक केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय फिल्म एक्सचेंज प्रोग्राम से स्थानीय युवाओं के लिए दुनिया भर में अवसर खुलेंगे।

विशिष्ट अतिथि और श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. हेमंत बिष्ट ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग व्यावहारिक और रचनात्मक शिक्षा को एक नई दिशा देता है। कार्यक्रम में संस्कृति मंत्रालय के सलाहकार डॉ. एम. के. ओटानी, नज़रबट्टू प्रोडक्शंस के अमीन खान और Coloured Checkers के वैभव गोयल ने भी अपने विचार रखे और फिल्म शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: फर्जी अधिकारी बनकर रिश्वत मांगने वाला आगरा से गिरफ्तार

ब्राजील से आए ‘Cinema No Interior’ के प्रतिनिधि एंटोनियो मार्कोस गोम्स डी कार्वाल्हो और मारिया लॉरा विएरा कैवलकांती वियाना ने दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक सांस्कृतिक संबंधों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत और ब्राजील के बीच सिनेमा और कला के क्षेत्र में संयुक्त फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं।

दून फिल्म स्कूल के डीन एस. आर. मुकेश ने नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत किया और उन्हें संस्थान के फैकल्टी मेंबर्स से परिचित कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रणाली और अंतरराष्ट्रीय वर्कशॉप के बारे में जानकारी दी। ओरिएंटेशन सेशन के दौरान आने वाली मास्टरक्लास, जॉइंट फिल्म प्रोडक्शन और प्रोजेक्ट्स का खाका भी पेश किया गया।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand Weather: भारी बारिश का अलर्ट जारी, आपदा प्रबंधन सचिव ने दिए 24 घंटे सतर्कता के आदेश

इस मौके पर दून सोसायटी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन के अध्यक्ष जय सिंह समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में कैनन इंडिया, UFDC, उत्तराखंड शासन, Coloured Checkers Films और Videoshala OTT का विशेष सहयोग रहा।

अंत में दून फिल्म स्कूल के निदेशक डॉ. देवीदत्त ने सभी अतिथियों, ब्राजील के प्रतिनिधिमंडल और मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “कहानियाँ जोड़ती हैं, संस्कृतियाँ प्रेरित करती हैं और सहयोग भविष्य का निर्माण करता है।” इसी संदेश के साथ इस ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय आयोजन का औपचारिक समापन हुआ।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad