उत्तराखण्ड के रुड़की से पारिवारिक विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति एक विधवा महिला के साथ रहने की जिद पर अड़ गया है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक गाँव की रहने वाली पीड़ित महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, लेकिन उसके पति का एक विधवा महिला से प्रेम-प्रसंग चल रहा है।
महिला का आरोप है कि जब उसने और उसके परिवार ने इस अवैध संबंध का विरोध किया, तो पति ने उन्हें अपनी पूरी संपत्ति से बेदखल करने की धमकी दे डाली और इसके बाद वह घर छोड़कर फरार हो गया। पीड़ित पत्नी ने बताया कि उसका पति वर्तमान में उसी विधवा महिला के घर पर रह रहा है और लाख समझाने के बाद भी वापस आने को तैयार नहीं है।
थक-हारकर महिला ने पुलिस के पास पहुँचकर अपने पति को समझाने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए जब स्थानीय पुलिस ने उस अधेड़ व्यक्ति से संपर्क साधने की कोशिश की, तो उसने अपने घर लौटने से साफ इनकार कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसआई धर्मेंद्र राठी ने बताया कि पीड़ित महिला द्वारा दी गई तहरीर और शिकायत के आधार पर पुलिस पूरे मामले की गहनता से जाँच-पड़ताल कर रही है, और जल्द ही उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

