रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के दीक्षांत भवन में शनिवार को दो दिवसीय वार्षिक दीक्षांत समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
दीक्षांत समारोह के पहले दिन स्नातक पाठ्यक्रम के 1277 मेधावी छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत के पूर्व सॉलिसिटर जनरल और आईआईटी रुड़की के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने की।
इस दो दिवसीय आयोजन में कुल 2701 छात्र-छात्राओं को उपाधियां दी जानी हैं। पहले दिन जहां बीटेक और अन्य स्नातक स्तर के छात्रों को डिग्रियां दी गईं, वहीं दूसरे दिन स्नातकोत्तर और पीएचडी शोधार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
मंच पर संस्थान के निदेशक प्रोफेसर केके पंत, उप निदेशक प्रोफेसर प्रवीण कुमार और डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रोफेसर एनके नवानी सहित सीनेट के सदस्य मौजूद रहे। देश की सुरक्षा व्यवस्था के दो प्रमुख दिग्गजों की मौजूदगी से छात्रों और उनके अभिभावकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के तौर पर हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले शामिल होंगे। वहीं, ऑयलमैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक डॉ. कपिल गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

