Dehradun: 17 जुलाई को हर्रावाला स्टेशन का लोकार्पण करेंगे PM मोदी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देहरादून का हर्रावाला रेलवे स्टेशन नए रंग-रूप और आधुनिक सुविधाओं के साथ पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है। आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़कर इस नवविकसित स्टेशन का भव्य लोकार्पण करेंगे और इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

इस बड़े कायाकल्प से जहां एक ओर उत्तराखंड में रेल यात्रा का अनुभव सुधरेगा, वहीं दून स्टेशन के ट्रैफिक का बोझ भी काफी कम होने की उम्मीद है। रेलवे विभाग की तरफ से आयोजित होने वाले इस गरिमामयी समारोह के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, स्थानीय सांसद और विधायकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

रेलवे के वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल ने बताया कि लोकार्पण को लेकर सभी तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी कर ली गई हैं।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के मुताबिक, इस स्टेशन को भविष्य की बढ़ती यात्री संख्या और रेलवे की नई संभावनाओं को ध्यान में रखकर बेहद आधुनिक रूप दिया गया है। स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण करने के साथ ही इसके सर्कुलेटिंग एरिया को बड़ा किया गया है और यात्रियों के स्वागत के लिए एक नया व भव्य मुख्य प्रवेश द्वार बनाया गया है।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: 150 लखपति दीदियों को मिलेगा ब्याज मुक्त लोन, धामी सरकार का 'भुली' कार्यक्रम

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस कायाकल्प के बाद हर्रावाला में आने वाले समय में देश के अन्य राज्यों से चलने वाली लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा। वर्तमान में इस स्टेशन पर दून-अमृतसर एक्सप्रेस, दून-बनारस जनता एक्सप्रेस और सहारनपुर-देहरादून जैसी मुख्य ट्रेनें ही रुकती हैं।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: छात्रवृत्ति घोटाले में 30 कॉलेजों से ₹1.35 करोड़ की वसूली शुरू

हर्रावाला स्टेशन को इतने बड़े स्तर पर विकसित करने के पीछे देहरादून के मुख्य रेलवे स्टेशन की एक बड़ी मजबूरी और तकनीकी समस्या रही है। दून के मौजूदा मुख्य रेलवे स्टेशन पर जगह की कमी के चलते केवल 18 डिब्बों वाली ट्रेनें ही आ सकती हैं।

वहीं स्टेशन के चारों तरफ घनी आबादी और जमीन की भारी किल्लत होने के कारण वहां प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाना अब मुमकिन नहीं है। ऐसे में लंबी दूरी की भारी और 18 से अधिक कोच वाली ट्रेनों को देहरादून तक लाने के लिए हर्रावाला स्टेशन को एक बेहतरीन विकल्प के रूप में तैयार किया गया है।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: युवाओं में क्यों बढ़ रहे हार्ट अटैक के मामले? डॉक्टरों ने दी सीपीआर ट्रेनिंग

नवविकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए कई विश्वस्तरीय सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर पूरी तरह वातानुकूलित प्रतीक्षालय तैयार किया गया है। साफ-सफाई को प्राथमिकता देते हुए महिलाओं, पुरुषों और विशेष रूप से दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक शौचालयों का निर्माण हुआ है।

यात्रियों को बारिश और धूप से बचाने के लिए प्लेटफॉर्म शेल्टर और दिव्यांगों की मदद के लिए व्हीलचेयर व रैंप की व्यवस्था की गई है। वाहनों के सुगम मूवमेंट के लिए स्टेशन परिसर में एक बेहद व्यवस्थित और बड़ा पार्किंग एरिया विकसित किया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad