ऊधम सिंह नगर में आबकारी विभाग का ताबड़तोड़ अभियान, 6 भट्टियां ध्वस्त; 30 हजार किलो से ज्यादा लहन नष्ट

ख़बर शेयर करें

ऊधमसिंह नगर। अवैध कच्ची शराब के खिलाफ ऊधम सिंह नगर में आबकारी विभाग ने एक बार फिर बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल के निर्देश पर आज जिले के अलग-अलग इलाकों में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जंगलों और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही अवैध शराब की भट्टियों को ध्वस्त करने के साथ ही भारी मात्रा में लहन नष्ट किया गया और अवैध शराब बरामद की गई।

खटीमा क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई
खटीमा क्षेत्र के जगतारपुर, बारकोली रेंज और तीलियापुर ढोढा फॉर्म क्षेत्र में क्षेत्र-01 रुद्रपुर, क्षेत्र-02 खटीमा और देहरादून मुख्यालय की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने मौके पर चल रही चार भट्टियों को नष्ट किया। इसके साथ ही करीब 12 हजार किलोग्राम लहन नष्ट किया गया और शराब बनाने के उपकरण भी मौके पर नष्ट किए गए। कार्रवाई के दौरान 150 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किए गए।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में जमीन पर उतरा ₹1 लाख करोड़ का इन्वेस्टमेंट, 81 हजार युवाओं को मिला रोजगार

काशीपुर में भी ध्वस्त हुए अवैध शराब के अड्डे
काशीपुर क्षेत्र के ग्राम बड़ी बरखेड़ी में क्षेत्र-03 काशीपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अवैध भट्टियां नष्ट कीं। मौके से 3500 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया, जबकि 40 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। टीम ने शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सामान को भी नष्ट किया और संबंधित मामलों में मुकदमे दर्ज किए।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: दून अस्पताल में तय समय से पहले गायब हुए डॉक्टर, 1500 मरीज परेशान

बाजपुर के जंगलों में भी चला अभियान
उधर बाजपुर क्षेत्र के गुलरभोज, चक्कीमोड़ और तिलपुरी जंगल में क्षेत्र-04 बाजपुर के साथ प्रवर्तन दल मुख्यालय और जनपदीय प्रवर्तन दल ने संयुक्त कार्रवाई की। यहां चल रही अवैध शराब की भट्टियों को ध्वस्त करते हुए करीब 15 हजार किलोग्राम लहन नष्ट किया गया। टीम ने मौके से 130 लीटर अवैध शराब बरामद की और सभी संबंधित मामलों में आबकारी अधिनियम की धाराओं में अभियोग दर्ज किए।

एक ही दिन में हुई इन कार्रवाइयों में आबकारी विभाग ने छह भट्टियां ध्वस्त, करीब 30,500 किलोग्राम लहन नष्ट और कुल 320 लीटर अवैध शराब बरामद करने का दावा किया है। कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह, बृजेश जोशी, नितिन शर्मा, महेन्द्र सिंह बिष्ट, संजय रावत, पान सिंह राणा और देवेन्द्र कुमार समेत आबकारी सिपाहियों की टीम शामिल रही।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड पुलिस और गवर्नेंस की बड़ी कामयाबी: CCTNS में देश में 9वें तो ICJS 2.0 में तीसरे नंबर पर पहुंचा राज्य

विभाग के मुताबिक जिले में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। जंगलों और ग्रामीण इलाकों में चोरी-छिपे चल रहे शराब के अड्डों पर लगातार दबिश से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।