देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी स्थित दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां मेडिसिन विभाग में तैनात एक पुरुष नर्सिंग अधिकारी पर महिला एमबीबीएस इंटर्न का शोषण करने और उसे परेशान करने का आरोप लगा है। पीड़ित इंटर्न की लिखित शिकायत पर मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. विवेकानंद सत्यवली ने मामले की विभागीय जांच शुरू करा दी है। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन में खलबली मच गई है।
अस्पताल रिकॉर्ड से निकाला नंबर, भेजे आपत्तिजनक मैसेज
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी पुरुष नर्सिंग अधिकारी काफी समय से उसके साथ अनुचित व्यवहार कर रहा था। आरोप है कि आरोपी ने अस्पताल के आधिकारिक रिकॉर्ड से इंटर्न का मोबाइल नंबर निकाला और फिर लगातार फोन करने लगा। इसके साथ ही वह पीड़िता को लगातार अनुचित और आपत्तिजनक मैसेज भी भेज रहा था।
विभागाध्यक्ष ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश
नर्सिंग अधिकारी की इस हरकत से परेशान होकर पीड़ित इंटर्न ने पूरे मामले की लिखित शिकायत विभाग को सौंपी। मामला संज्ञान में आते ही मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. विवेकानंद सत्यवली ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इधर, दून मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने साफ किया है कि संस्थान में इस तरह का अभद्र व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में आरोप सही साबित होते हैं, तो संबंधित नर्सिंग अधिकारी के खिलाफ सेवा नियमावली के तहत कठोर विभागीय और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

