देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान उनके मुकाबले में किसी भी अन्य दल या प्रत्याशी द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किया गया था। शुक्रवार को नाम वापसी की निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद चुनाव आयोग की टीम ने उनके आधिकारिक निर्वाचन की घोषणा की, जिसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर एवं प्रभारी सचिव विधानसभा हेम चन्द्र पन्त ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा।
इस निर्वाचन के साथ ही राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण कुमाऊं मंडल को करीब 12 साल के लंबे अंतराल के बाद उच्च सदन यानी राज्यसभा में प्रतिनिधित्व प्राप्त हुआ है। इससे पहले कुमाऊं क्षेत्र से वरिष्ठ नेता भगत सिंह कोश्यारी राज्यसभा पहुंचे थे, और उनके कार्यकाल के बाद अब जाकर इस क्षेत्र से किसी चेहरे को यह अहम जिम्मेदारी मिली है, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं।
नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पीआरओ के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने नैनीताल सीट से अपनी दावेदारी पेश की थी, लेकिन पार्टी द्वारा सरिता आर्य को टिकट दिए जाने के बाद उन्होंने नाराजगी जताई थी। हालांकि, बाद में पार्टी नेतृत्व की ओर से मान-मनौव्वल के बाद उन्हें सरकार में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

