उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। रायपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित छह नंबर पुलिया के पास शुक्रवार शाम एक अंग्रेजी शराब के ठेके के बाहर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में गोली लगने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही इलाके में सुरक्षा बढ़ाते हुए पुलिस ने वारदात वाले शराब के ठेके को समय से पहले ही बंद करवा दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब साढ़े नौ बजे छह नंबर पुलिया के पास स्थित शराब ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष के बदमाशों ने हथियार निकालकर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग होते ही मौके पर भगदड़ मच गई।
वारदात के तुरंत बाद मौके पर पहुंची रायपुर पुलिस की टीम घटना स्थल की जांच करती हुई और प्रत्यक्षदर्शियों व स्थानीय युवाओं से पूछताछ कर बदमाशों का सुराग जुटाने का प्रयास करती हुई।
इस दुस्साहसिक वारदात में नवीन राणा (39 वर्ष) और कविंद्र शर्मा (25 वर्ष) गोली लगने से घायल हुए हैं। हमलावर वारदात को अंजाम देकर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, घायल नवीन राणा एक मोबाइल कंपनी में मार्केटिंग का काम करते हैं, उनके कंधे पर गोली लगी है और उनका इलाज कैलाश अस्पताल में चल रही है।
वहीं दूसरे घायल युवक कविंद्र शर्मा के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। उन्हें तुरंत दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों ही घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर और स्थिर बताई है।
इस पूरे मामले पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। शुरुआती जांच में घायल युवकों ने हमलावरों से किसी भी पुरानी रंजिश या संबंध होने से साफ इनकार किया है। पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि गोलीबारी की असली वजह सामने आ सके।
हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस घटनास्थल के आसपास और रिंग रोड रूट पर लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि प्रत्यक्षदर्शियों से मिले इनपुट्स और फुटेज के आधार पर शूटरों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस बीच, वारदात के बाद स्थानीय निवासियों का गुस्सा भड़क उठा है। शराब ठेके के बाहर सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोग धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस ठेके की वजह से क्षेत्र में आए दिन मारपीट और विवाद होते रहते हैं, जिससे महिलाओं और आम जनता की सुरक्षा खतरे में है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस शराब ठेके को तत्काल यहां से हटाने की मांग की है।

