देहरादून। दून शहर के नए वार्डों में रहने वाले लोगों को जल्द ही अंधेरी गलियों से राहत मिलने जा रही है। नगर निगम देहरादून ने शहर के सभी 100 वार्डों में 12.40 करोड़ रुपये की लागत से 4 हजार नए बिजली के पोल लगाने की योजना तैयार की है। बरसात का मौसम थमते ही नए वार्डों और आउटर क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर पोल लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, पिछले डेढ़ महीने के भीतर करीब 1500 पोल लगाए जा चुके हैं। पूर्व में हर वार्ड में 40 पोल लगाने का प्रस्ताव था, लेकिन पुराने वार्डों में पहले से व्यवस्था होने के कारण अब मुख्य फोकस नए और आउटर वार्डों पर रहेगा। वरिष्ठ पार्षद भूपेंद्र कठैत ने बताया कि कई क्षेत्रों में पोल कम होने से अंधेरा रहता था, जिसे अब दूर किया जा रहा है।
पथ प्रकाश निरीक्षक रंजीत सिंह राणा ने बताया कि बिजली के एक हजार पोल लगाने के लिए 3.10 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है। जीएसटी हटाने के बाद एक पोल पर औसतन 26 हजार रुपये का खर्च आएगा। कार्य पूरा होने के बाद ऊर्जा निगम की रिपोर्ट के आधार पर कार्यदायी संस्थाओं को भुगतान किया जाएगा।
दूसरी ओर, बारिश से बदहाल हुई सड़कों को दुरुस्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने एक महीने की समय-सीमा तय की है। इसके तहत शहर की मुख्य सड़कों के साथ-साथ आंतरिक और ग्रामीण इलाकों की सड़कों का पैचवर्क और सुधारीकरण किया जाएगा।
विभाग के मुताबिक, सेलाकुई-भाऊवाला-डूंगा-नंदा की चौकी, कोटरा-संतोर-पुलसैनी और चरबा-होरावाला मार्ग पर तेजी से मरम्मत कार्य होगा। इसके अलावा कांवली रोड, नेशविला रोड, कॉन्वेंट रोड, पटेल रोड, कचहरी रोड, न्यू रोड, मसूरी रोड और किमाड़ी-लंबीधार रोड पर पैचवर्क किया जाएगा।
शहर के आंतरिक क्षेत्रों जैसे रांझावाला, दून विहार, राजेंद्र नगर, किशन नगर, डोभाल चौक और सालावाला की सड़कों के गड्ढों को भी एक महीने के भीतर भरा जाएगा। नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के इस संयुक्त अभियान से दूनवासियों को पथ प्रकाश और बेहतर सड़कों की दोहरी राहत मिलेगी।

