देहरादून: नशे की लत और कर्ज चुकाने के लिए चुराए बेड और अलमारियां, कबाड़ी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिधौली में एक बंद हॉस्टल में हुई चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। नशे की लत और सिर पर चढ़े कर्ज को चुकाने के लिए एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर हॉस्टल का ताला तोड़ा और वहां रखे बेड व अलमारियां चुरा लीं। पुलिस अधीक्षक नगर शेखर सुयाल ने बताया कि प्रेमनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।

घटना की शुरुआत तब हुई जब दुआ बॉयज हॉस्टल के संचालक रजत दुआ ने 11 अक्टूबर को प्रेमनगर कोतवाली में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू नशे की गंभीर लत का शिकार है और उस पर भारी कर्ज था।

यह भी पढ़ें -  देहरादून जिला कारागार में क्लाउड-9 सैलून के सहयोग से महिला बंदियों ने सीखा ब्यूटी और ग्रूमिंग का हुनर

कर्ज चुकाने के दबाव के चलते आदित्य ने अगस्त महीने में बिधौली के इस बंद पड़े हॉस्टल को चिन्हित किया था, जहां कई बेड, अलमारियां और इलेक्ट्रॉनिक सामान रखे हुए थे। अपनी योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए उसने साथी जोगेंद्र कुमार और सचिन कुमार को साथ लिया। दोनों साथियों ने उसे सहसपुर के कबाड़ी असलम के बारे में बताया, जो चोरी का सामान खरीदने के लिए आसानी से तैयार हो गया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: आपदा प्रभावित सरकारी स्कूलों के लिए ₹30 करोड़ जारी, बनेंगे नए भवन और सुरक्षा दीवारें

आरोपियों ने मौका पाकर हॉस्टल का ताला तोड़ा और अंदर रखा कीमती सामान चुराकर कबाड़ियों के पास ठिकाने लगा दिया। चोरी किए गए बचे हुए सामान को बेचने की फिराक में घूम रहे इन आरोपियों को 11 अक्टूबर को कांसवाली रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू, जोगेंद्र कुमार, सचिन कुमार और कबाड़ी असलम के रूप में की है।

यह भी पढ़ें -  स्वास्थ्य विभाग खरीदारी के लिए बनी नई व्यवस्था… कॉरपोरेशन बनते ही MD की कुर्सी के लिए लॉबिंग तेज…

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किए गए चार लकड़ी के बेड और दो लोहे की अलमारियां भी बरामद कर ली हैं। प्रेमनगर पुलिस अब इस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।